अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्राम खमतरा में आयोजित हुआ योग शिविर,सीएससी वीएलई भूमिका गुप्ता की पहल से योग शिविर बना जनजागरण का केंद्र, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्राम खमतरा में आयोजित हुआ योग शिविर,सीएससी वीएलई भूमिका गुप्ता की पहल से योग शिविर बना जनजागरण का केंद्र, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
कलयुग की कलम खमतरा – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम खमतरा में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की वीएलई भूमिका गुप्ता के नेतृत्व में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि जेठू सिंह एवं देवेंद्र कुमार की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मिक रूप से संतुलित बनाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सीएससी वीएलई भूमिका गुप्ता ने ग्रामीणों को कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, बैंकिंग एवं बीमा सेवाएं, पेंशन योजनाएं, टेली-लॉ, ऑनलाइन शिक्षा, कौशल विकास, पैन कार्ड, आधार सेवाएं, डिजीपे तथा अन्य शासकीय सुविधाओं के बारे में जागरूक किया। साथ ही ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योग करने, स्वस्थ रहने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। ग्रामीण स्तर पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता, जनभागीदारी और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।



