मसुरहा घाट में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया श्रमदान, बोले— जल बचाना है तो समाज को आगे आना होगा,जल गंगा संवर्धन अभियान में जलकुंभी निकाली, 6 करोड़ के एसटीपी प्लांट का निरीक्षण, नदी-तालाबों की सफाई के लिए खरीदी जाएगी ट्रैश क्लीनर मशीन
कलयुग की कलम से राकेश यादव

मसुरहा घाट में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने किया श्रमदान, बोले— जल बचाना है तो समाज को आगे आना होगा,जल गंगा संवर्धन अभियान में जलकुंभी निकाली, 6 करोड़ के एसटीपी प्लांट का निरीक्षण, नदी-तालाबों की सफाई के लिए खरीदी जाएगी ट्रैश क्लीनर मशीन
कलयुग की कलम कटनी – जल संरक्षण और स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से शनिवार को मसुरहा घाट में आयोजित “जल गंगा संवर्धन अभियान” में जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के परिवहन तथा स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने श्रमदान कर जलकुंभी निकाली और लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से कटनी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। यदि समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करें तो नदियों, तालाबों और अन्य जल संरचनाओं को पुनर्जीवित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कटनी नदी की धारा को अविरल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने मसुरहा घाट स्थित लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गंदे पानी के शोधन कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही घोषणा की कि जिले के नदी-तालाबों की नियमित सफाई के लिए अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन खरीदी जाएगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के स्वच्छता अभियान और मुख्यमंत्री Mohan Yadav की पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता को आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। बच्चों और युवाओं की सहभागिता को उन्होंने अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताया।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा कुओं की सफाई, सोक पिट निर्माण, नदी-तालाबों का संरक्षण और सीवरेज परियोजनाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण में कटनी को शीर्ष स्थान दिलाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में स्वच्छता एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 सफाई मित्रों को सम्मानित कर केप, गमबूट और यूनिफॉर्म प्रदान किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।



