प्रशासनमध्यप्रदेश

हर बूंद की रखवाली: सरसवाही में रैली, चौपाल और दीवार लेखन से गूंजा जल संरक्षण का संदेश”

कलयुग की कलम से राकेश यादव

“हर बूंद की रखवाली: सरसवाही में रैली, चौपाल और दीवार लेखन से गूंजा जल संरक्षण का संदेश”

कलयुग की कलम कटनी – जल संकट से निपटने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक 5 हीरापुर कौड़िया अंतर्गत ग्राम सरसवाही में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के द्वितीय चरण में ग्राम चौपाल, जागरूकता रैली और दीवार लेखन के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को 19 मार्च से 30 जून तक संचालित इस अभियान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए जल के महत्व और संरक्षण के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। सेक्टर प्रभारी साध्वी निगम ने बताया कि वर्षा जल को अधिक से अधिक संचित करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। इसके लिए गांवों में पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुआं, तालाब और बावड़ी के गहरीकरण में जनभागीदारी बेहद जरूरी है।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक घर में सोख्ता गड्ढा बनाकर वर्षा जल को जमीन में पहुंचाना जल स्तर को बढ़ाने का प्रभावी तरीका है। शासन द्वारा प्रतिवर्ष चलाए जाने वाले इस अभियान का उद्देश्य समाज को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से जल स्रोतों का पुनर्जीवन करना है।

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा गांव-गांव में नवांकुर संस्थाओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाताओं और छात्र-छात्राओं के सहयोग से लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सरसवाही में आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति नई जागरूकता का संचार किया।

कार्यक्रम में सरपंच हिमांशु त्रिपाठी, सचिव संजय, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सविता शुक्ला, सहायिका सुषमा मिश्रा, नवांकुर संस्था साध्वी जनकल्याण समिति की सेक्टर प्रभारी साध्वी निगम, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष संत कुमार सेन, सौरभ विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्राम सरसवाही में चला यह अभियान न केवल जल संरक्षण का संदेश दे गया, बल्कि लोगों को अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए जनभागीदारी की मिसाल भी पेश कर गया।

Related Articles

Back to top button