महिला को जिंदा जलाने की साजिश नाकाम पेट्रोल डालकर हमला करने वाला तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
कलयुग की कलम से राकेश यादव

महिला को जिंदा जलाने की साजिश नाकाम पेट्रोल डालकर हमला करने वाला तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
कलयुग की कलम कटनी -ग्राम छःघरा मझगंवा में महिला को जिंदा जलाने की सनसनीखेज कोशिश के मामले में बड़वारा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कानून के शिकंजे में कस दिया है।
फरार आरोपी पर कसी पुलिस की पकड़
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की पुख्ता सूचना के आधार पर घेराबंदी कर फरार आरोपी को धर दबोचा। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में शामिल तीनों मुख्य आरोपी—भोला कोल, राज रैकवार और मोनू रैकवार—अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
कैसे हुई दिल दहला देने वाली वारदात
बताया गया है कि 28 जनवरी की रात आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते पीड़िता संतरा बाई के दामाद से विवाद किया था। विवाद बढ़ने पर जब महिला बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो आरोपियों ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने महिला के चेहरे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
जिला अस्पताल में जारी उपचार
घटना में गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में सख्त कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।



