प्रशासनमध्यप्रदेश

कृषि वर्ष 2026 की मजबूत शुरुआत: गांव-गांव पहुंचे कृषि रथ, उन्नत खेती का देंगे मंत्र

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कृषि वर्ष 2026 की मजबूत शुरुआत: गांव-गांव पहुंचे कृषि रथ, उन्नत खेती का देंगे मंत्र

कलयुग की कलम कटनी -राज्य शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाए जाने की कड़ी में जिले में किसानों को उन्नत और वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि रथों का संचालन प्रारंभ किया गया है। जिले के सभी विकासखंडों से रविवार को कृषि रथों को रवाना किया गया, जो गांव-गांव पहुंचकर किसानों को आधुनिक खेती के तौर-तरीकों की जानकारी देंगे।

कृषि रथों के माध्यम से कृषि के साथ-साथ पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन सहित संबंधित विषयों पर भी किसानों को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला मुख्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, सभी ब्लॉक मुख्यालयों एवं जिले की समस्त कृषि उपज मंडियों में किया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने देखा और सुना।

कृषि रथों के सुचारु एवं प्रभावी संचालन के लिए कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय क्रियान्वयन समितियों का गठन किया गया है। जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर होंगे, जबकि जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सचिव तथा उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास सह-सचिव की भूमिका में रहेंगे। समिति में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, ताकि कृषि रथ अभियान को बहु-विभागीय सहयोग के साथ सफल बनाया जा सके।

इसी क्रम में प्रत्येक विकासखंड में संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अध्यक्षता में विकासखंड स्तरीय क्रियान्वयन समिति गठित की गई है, जिसमें कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन, वन विभाग, जनपद पंचायत सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button