जनता के बीच पहुंचेगा प्रशासन, जनपद स्तर पर होगी कलेक्टर की सीधी जनसुनवाई मंगलवार 13 जनवरी से ढीमरखेड़ा में होगी शुरुआत, समस्याओं का मौके पर होगा निराकरण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनता के बीच पहुंचेगा प्रशासन, जनपद स्तर पर होगी कलेक्टर की सीधी जनसुनवाई
मंगलवार 13 जनवरी से ढीमरखेड़ा में होगी शुरुआत, समस्याओं का मौके पर होगा निराकरण
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा-आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने एक अभिनव पहल की है। इसके तहत अब जनपद पंचायत स्तर पर कलेक्टर स्वयं पहुंचकर जनसुनवाई करेंगे। इस पहल से शासन और जनता के बीच संवाद और अधिक मजबूत होगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार 13 जनवरी को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में कलेक्टर श्री तिवारी आमजन की समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद 20 जनवरी को बहोरीबंद, 27 जनवरी को रीठी, 3 फरवरी को बड़वारा तथा 10 फरवरी को विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत में दोपहर 11 बजे से 1 बजे तक जनपद स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर श्री तिवारी ने इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को समन्वय अधिकारी तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जनसुनवाई के दौरान लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं सीएम हेल्पलाइन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित आवेदनों का भी रैंडम चयन कर सुनवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथियों में कोई भी जिला अधिकारी बिना पूर्व अनुमति जनसुनवाई से अनुपस्थित नहीं रहेगा। जनसुनवाई में सभी जिला प्रमुख, एसडीएम, एसडीओपी, सीईओ जनपद पंचायत, तहसीलदार, थाना प्रभारी, वन क्षेत्रपाल, विकासखंड अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।इस पहल से ग्रामीण अंचलों में प्रशासन की सीधी पहुंच सुनिश्चित होगी और जनता की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण संभव हो सकेगा।



