प्रशासनमध्यप्रदेश

रोजगार मेले में युवाओं को मिली नई उड़ान 833 युवाओं का प्राथमिक चयन, स्वरोजगार को मिला 50 लाख से अधिक का संबल

कलयुग की कलम से राकेश यादव

रोजगार मेले में युवाओं को मिली नई उड़ान 833 युवाओं का प्राथमिक चयन, स्वरोजगार को मिला 50 लाख से अधिक का संबल

कलयुग की कलम कटनी -जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को शासकीय आईटीआई कटनी में एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेले का भव्य आयोजन किया गया। यह मेला कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा शासकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कलेक्टर श्री तिवारी ने मेला स्थल पहुंचकर पंजीयन काउंटर एवं विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उपस्थित युवाओं और कंपनी प्रतिनिधियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर आयोजित युवा संगम मेले में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी सहित श्री कैलाश मिश्रा, श्री आशीष मिश्रा, श्री अरविन्द्र सिंह भदौरिया एवं श्री मनोचा की विशेष उपस्थिति रही।

16 कंपनियों ने दिए 1278 पदों के अवसर

जिला रोजगार अधिकारी श्री डी.के. पासी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 16 प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा कुल 1278 रिक्तियां अधिसूचित की गईं। मेले में 875 युवाओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा 833 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया गया।

प्रमुख चयन करने वाली कंपनियों में अडानी स्किल डेवलपमेंट कंपनी, प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्र, अशोक लीलैंड, याजाकी विटेनिया, संघान ट्रस्ट, अरविंद लिमिटेड गुजरात, ग्रोफास्ट ऑर्गेनिक, मार्गदर्शन सुमी सिस्टम सहित अन्य नामचीन संस्थान शामिल रहीं।

स्वरोजगार को बढ़ावा, 5 हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र

मेले के दौरान स्वरोजगार को प्रोत्साहित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी द्वारा 5 आवेदकों को कुल 50 लाख 50 हजार रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

मेडिकल परीक्षण एवं योजनाओं की जानकारी

मेले में मेडिकल टीम द्वारा 56 युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आदिम जाति कल्याण विभाग, अंत्यावसायी विभाग, पशुपालन, उद्यानिकी एवं जिला व्यापार उद्योग केंद्र द्वारा स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

आईटीआई प्राचार्य श्री देवेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार संभावनाओं पर प्रकाश डाला, वहीं कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी कंपनियों की कार्यप्रणाली एवं रोजगार अवसरों की जानकारी दी।

प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

मेले में उद्योग विभाग से महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति चौहान, प्रबंधक सुश्री अनामिका जैन एवं श्री आसित वर्मा, शासकीय आईटीआई कटनी के प्राचार्य श्री देवेश मिश्रा, तिलक महाविद्यालय के प्राचार्य श्री सुनील बाजपेयी, प्राध्यापक डॉ. आर.पी. सिंह, अंत्यावसायी विभाग से श्री कैलाश साहू तथा चिकित्सा विभाग से श्री जितेश धुर्वे अपनी टीम सहित उपस्थित रहे।रोजगार मेले ने जिले के युवाओं को नई दिशा और आत्मनिर्भर बनने का मजबूत अवसर प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button