प्रशासनमध्यप्रदेश

बड़वारा में कलेक्टर आशीष तिवारी का सघन निरीक्षण — स्कूल, आधार कैंप और धान उपार्जन केंद्रों की परखी व्यवस्थाएं पिपरिया कला विद्यालय में कक्षाओं का लिया जायजा, छात्रों से किया संवाद • आधार अपडेट केंद्र में व्यवस्थाओं पर जताया संतोष • उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं और गुणवत्ता पर विशेष जोर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बड़वारा में कलेक्टर आशीष तिवारी का सघन निरीक्षण — स्कूल, आधार कैंप और धान उपार्जन केंद्रों की परखी व्यवस्थाएं

पिपरिया कला विद्यालय में कक्षाओं का लिया जायजा, छात्रों से किया संवाद • आधार अपडेट केंद्र में व्यवस्थाओं पर जताया संतोष • उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं और गुणवत्ता पर विशेष जोर

कलयुग की कलम बड़वारा – कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को विकासखंड बड़वारा के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं कृषि से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम विजयराघवगढ़ श्री विवेक गुप्ता, सहायक आयुक्त सहकारिता श्री राजयशवर्धन कुरील, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री यज्ञदत्त त्रिपाठी, तहसीलदार बरही सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विद्यालय में शिक्षण गुणवत्ता पर फोकस

कलेक्टर श्री तिवारी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया कला पहुंचकर शिक्षण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 11वीं कला संकाय में छात्रों से महासागर, ज्वार-भाटा जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे और परीक्षा में आए प्रश्नों को लेकर चर्चा की। कलेक्टर ने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य श्री विनोद विश्वकर्मा को शिक्षण गुणवत्ता में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।

आधार अपडेट कैंप का अवलोकन

इसके पश्चात कलेक्टर ने ग्राम पंचायत भवन पिपरिया कला में आयोजित आधार अपडेट कैंप का निरीक्षण किया, जो 22 दिसंबर तक संचालित किया जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं और बच्चे आधार अपडेट कराने पहुंचे थे। कलेक्टर ने उपस्थित लोगों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली, जिस पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों से शिक्षा एवं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली।

कलेक्टर श्री तिवारी ने 20 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन पंचायत भवन का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्य शीघ्र एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

धान उपार्जन केंद्रों पर सख्ती

कलेक्टर ने पिपरिया कला स्थित प्रतिष्ठा वेयरहाउस में बने गोदाम स्तरीय धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने तौल कांटों की सत्यापित सील की जांच की तथा किसानों की सुविधा के लिए तौल कांटों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र में 150 स्लॉट बुक हैं तथा अब तक 21 किसानों ने धान विक्रय किया है।

कलेक्टर ने गढ़ोहा गांव से आए किसान भरत लोहार से चर्चा कर खरीदी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने बारदाने में स्टेंसिल, टैगिंग, धान की गुणवत्ता, भंडारण एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।इस दौरान रामजानकी स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित धान उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया।

Related Articles

Back to top button