जबलपुर- एक पखवाड़े से अलसाया मानसून मंगलवारको एक बार फिर हुआ तो जम कर बरसा। सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हुआ। देर रात बारिश ने ऐसी गति पकड़ी मानो बादल फट पड़े हों। तेज हवा व गरज के साथ घनघोर बारिश शुरू हुई, तो लगा मानसून पूरे शबाब के साथ फिर लौट आया है। सुबह 8.30 बजे से रात 1 बजे तक करीब पौने 3 इंच बारिश का अनुमान है। सीजन में बारिश का आंकड़ा 47 इंच के पार निकल गया।
बरगी बांध के 17 गेट खुले, 4 घंटे में दोबारा बढ़ाई गेट की ऊंचाई
कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के कारण बरगी बांध का जल स्तर 422.95 मीटर पहुंच गया है। इसके कारण शाम 6 से रात 10 बजे के बीच चार घंटे में दो बार बांध से जल निकासी बढ़ानी पड़ी। बांध के 17 गेट औसतन 3.15 मीटर तक खोले गए हैं। उनसे 8199 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे देर रात नर्मदा में बाढ़ के हालात बन गए। नर्मदा तटों में जल स्तर 18 -20 फीट तक बढ़ गया है।