प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी में आज से विशेष पल्स पोलियो अभियान: 1.73 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएंगी जीवनरक्षक ‘दो बूंद’, अभिभावकों से कलेक्टर की विशेष अपील 28 जून को बूथों पर, 29 और 30 जून को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम; जिलेभर में 1,737 टीकाकरण केंद्र और हजारों स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे तैनात

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में आज से विशेष पल्स पोलियो अभियान: 1.73 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएंगी जीवनरक्षक ‘दो बूंद’, अभिभावकों से कलेक्टर की विशेष अपील 28 जून को बूथों पर, 29 और 30 जून को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम; जिलेभर में 1,737 टीकाकरण केंद्र और हजारों स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे तैनात

कलयुग की कलम कटनी – पोलियो मुक्त समाज के लक्ष्य को मजबूत करने के लिए जिले में रविवार 28 जून से विशेष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के 1 लाख 73 हजार 737 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी। जिला प्रशासन ने अभियान की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ तक ले जाकर अनिवार्य रूप से दवा पिलाने की अपील की है।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक परिवार की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि कोई भी पांच वर्ष से कम आयु का बच्चा पोलियो की खुराक लेने से वंचित न रहे।

जिलेभर में विशेष इंतजाम, हर क्षेत्र पर रहेगी नजर

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के सभी छह विकासखंडों सहित जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सेक्टर और उप स्वास्थ्य केंद्रों का स्वास्थ्य अमला सक्रिय रहेगा। अभियान की सतत निगरानी की जाएगी ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंच सके।

1,737 स्थानों पर उपलब्ध होगी पोलियो की खुराक

रविवार को जिले में कुल 1,737 टीकाकरण केंद्रों के माध्यम से बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इनमें बड़ी संख्या में स्थायी बूथों के साथ बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य आवागमन वाले स्थानों पर 75 ट्रांजिट बूथ तथा दुर्गम क्षेत्रों के लिए 27 मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी, जिससे कोई भी बच्चा छूटने न पाए।

छूटे बच्चों तक घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

जो बच्चे 28 जून को किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी। प्रशासन ने सभी परिवारों से स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है।

3,354 कर्मचारी संभालेंगे अभियान की जिम्मेदारी

विशेष अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 3,354 टीकाकरण कर्मियों और 162 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। चिकित्सा अधिकारियों को भी निगरानी और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि अभियान पूरी गुणवत्ता और दक्षता के साथ संचालित हो।

वैक्सीन और कोल्ड चेन की पूरी व्यवस्था

अभियान के लिए आवश्यक पोलियो वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। दवा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिले में पर्याप्त संख्या में आईएलआर, डीप फ्रीजर, कोल्ड बॉक्स और वैक्सीन कैरियर की व्यवस्था की गई है, जिससे वैक्सीन सुरक्षित तापमान में बच्चों तक पहुंच सके।

वाहनों से होगी सतत मॉनिटरिंग

दूरस्थ क्षेत्रों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने और निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों की भी व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से स्वास्थ्य दलों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

अपील

जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि 28 जून को अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं। पोलियो की केवल दो बूंदें बच्चे के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी सुरक्षा हैं।

Related Articles

Back to top button