जनसुनवाई बनी उम्मीदों का दरबार: कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 175 फरियादें, मौके पर दिए त्वरित समाधान के निर्देश,जमीन विवाद, सीमांकन, छात्रवृत्ति और रास्ते की समस्याओं पर प्रशासन हुआ सक्रिय, अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई बनी उम्मीदों का दरबार: कलेक्टर आशीष तिवारी ने सुनीं 175 फरियादें, मौके पर दिए त्वरित समाधान के निर्देश,जमीन विवाद, सीमांकन, छात्रवृत्ति और रास्ते की समस्याओं पर प्रशासन हुआ सक्रिय, अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनकर सामने आई। जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे 175 आवेदकों ने अपनी समस्याएं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, जिला प्रबंधक लोक सेवा श्री दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
गलत सीमांकन की शिकायत पर पुनः जांच के निर्देश
ग्राम टेढ़ी निवासी श्रीमती जानकी बाई ने शिकायत करते हुए बताया कि उनके खेत का पूर्व में हल्का पटवारी और आरआई द्वारा गलत सीमांकन कर दिया गया था। पुनः सीमांकन के लिए आवेदन देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री तिवारी ने तहसीलदार कटनी ग्रामीण को निर्धारित समय-सीमा में पुनः सीमांकन कर प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए।
भूमि अभिलेख में त्रुटि सुधारने के निर्देश
ग्राम गोहावल निवासी अर्जुन कोल ने भूमि रिकॉर्ड में सुधार के लिए कई बार आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने एसडीएम विजयराघवगढ़ को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आवेदक को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
खेत तक पहुंच के लिए रास्ता उपलब्ध कराने की मांग
ग्राम पौड़ी निवासी करन कुशवाहा ने बताया कि पैतृक कृषि भूमि तक पहुंचने के लिए कोई रास्ता उपलब्ध नहीं है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार बिलहरी को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
छात्रा को छात्रवृत्ति से वंचित रहने की शिकायत पर जांच के आदेश
जनसुनवाई में पहुंची छात्रा रिया ने बताया कि नियमित अध्ययन के बावजूद पिछले तीन वर्षों से उसे छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पाया है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को पात्रता का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए छात्रा को नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की इस पहल से दूर-दराज से पहुंचे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान की नई उम्मीद मिली है।



