प्रशासनमध्यप्रदेश

बड़वारा में भीषण सड़क हादसा — दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल मौके पर पहुंचे विधायक उमंग नगर मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, क्षेत्र में शोक की लहर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बड़वारा में भीषण सड़क हादसा — दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल मौके पर पहुंचे विधायक उमंग नगर मार्ग पर हुआ दर्दनाक हादसा, क्षेत्र में शोक की लहर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

कलयुग की कलम बड़वारा – जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। उमंग नगर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं और उमंग नगर के पास मोड़ पर आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को गंभीर चोटें आईं।

मृतक की पहचान जगलाल पिता विशेषण (45 वर्ष), निवासी ग्राम परसेल थाना बड़वारा के रूप में की गई है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का नाम दिलीप सिंह पिता फूल सिंह, निवासी ग्राम दुठिया सलैया बताया गया है। जानकारी के अनुसार दिलीप सिंह कटनी से किसी कार्य से लौट रहे थे, जबकि जगलाल बड़वारा की दिशा में जा रहे थे।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद जगलाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दिलीप सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक का हाल जाना और अस्पताल प्रशासन को समुचित उपचार के निर्देश दिए।

हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि उमंग नगर मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन अब तक गति नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर गति सीमा निर्धारित करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

बड़वारा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button