प्रशासनमध्यप्रदेश

पीएम श्री स्कूल में पढ़ाई से लेकर खेल तक—कलेक्टर ने परखी बच्चों की प्रतिभा,बाकल के पीएम श्री विद्यालय में कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ का निरीक्षण; शैक्षणिक गुणवत्ता, नामांकन और सुविधाओं की ली जानकारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

पीएम श्री स्कूल में पढ़ाई से लेकर खेल तक—कलेक्टर ने परखी बच्चों की प्रतिभा,बाकल के पीएम श्री विद्यालय में कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ का निरीक्षण; शैक्षणिक गुणवत्ता, नामांकन और सुविधाओं की ली जानकारी

कलयुग की कलम बाकल – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बाकल स्थित पीएम श्री एक शाला-एक परिसर विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, विद्यार्थियों के नामांकन, शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

नामांकन से लेकर शैक्षणिक माहौल तक की ली जानकारी

कलेक्टर श्री तिवारी ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या और नामांकन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को ऐसा वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जहां वे बिना किसी संकोच के अपनी प्रतिभा को निखार सकें और शिक्षा के साथ अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ें।

छात्रा गौरी ने गिनाए पीएम श्री स्कूल के फायदे

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 12वीं कला संकाय की छात्रा गौरी से संवाद कर पूछा कि विद्यालय के पीएम श्री स्कूल बनने के बाद विद्यार्थियों को किन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। छात्रा ने बताया कि विद्यालय में लैब की सुविधा विकसित हुई है, म्यूजिक शिक्षक की व्यवस्था हुई है और विद्यार्थियों को अन्य शैक्षणिक सुविधाएं भी मिल रही हैं।

छात्रा के आत्मविश्वासपूर्ण जवाब से प्रसन्न कलेक्टर ने विद्यालय में खेल गतिविधियों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्कूल में खेल शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा दिखा सकें।

प्रांसी ने बताया सतपुड़ा और विंध्याचल का नाम

कलेक्टर श्री तिवारी ने कक्षा 10वीं की छात्रा प्रांसी लोधी से मध्यप्रदेश की प्रमुख पर्वत श्रेणियों के बारे में सवाल किया। छात्रा ने आत्मविश्वास के साथ सतपुड़ा और विंध्याचल पर्वत श्रेणियों का सही उत्तर दिया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की सहभागिता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को नियमित अध्ययन के साथ सामान्य ज्ञान पर भी ध्यान देना चाहिए।

पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर बच्चों को मिले व्यावहारिक ज्ञान : कलेक्टर

कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ व्यवहारिक और सामान्य ज्ञान से भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल किताबों तक सीमित ज्ञान पर्याप्त नहीं है। उन्हें अपने आसपास के परिवेश, समाज और दुनिया की जानकारी के साथ खेल, कला, संस्कृति तथा दैनिक जीवन से जुड़ी उपयोगी बातें भी सिखाई जानी चाहिए।

कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा, रचनात्मकता और व्यावहारिक समझ विकसित करना भी होना चाहिए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास पर निरंतर ध्यान देने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button