उमरियापान/ढीमरखेड़ा- मध्यप्रदेश के कई जिलों में अन्नदाता फिर परेशान है। परिवहन की धीमी रफ्तार होने से खरीदी केंद्रों में धान का अंबार लग गया है। पीड़ित किसानों ने परिवहन की गति बढ़ाने कलेक्टर से गुहार लगाई है। ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के 15 खरीदी केंद्रों में परिवहन की धीमी रफ्तार से किसान और खरीदी प्रभारी भी परेशान है।
कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में 15 खरीदी केंद्रो में किसानों की धान की फसल की खरीदी शासन के उपार्जन केंद्रों में की जा रही है। ढीमरखेड़ा खरीदी केंद्र में तकरीबन 13 हजार क्विंटल की खरीदी होने के बाद मात्र 25 सौ क्विंटल का परिवहन हुआ है। परिवहन की धीमी रफ्तार के कारण केंद्र में धान का अंबार लगा हुआ है। हफ्तों से किसानों की फसल की तुलाई नहीं हो पा रही है। किसान सुबह से शाम तक केंद्र में परेशान नजर आ रहे हैं। किसानों ने कलेक्टर से जल्द से जल्द परिवहन की गति बढ़ाने की मांग की है ताकि किसानों की फसल की तौलाई समय पर हो सके।