गुना- मध्यप्रदेश में अफसरशाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर हर कोई हैरान है। मामला गुना जिले की चाचौड़ा जनपद का है जहां जनपद के सीईओ ने एक किसान की बाथरूम में बंद कर बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की। किसान का कहना है कि उसने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी और सीईओ पर उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे थे जब उसने कार्रवाई करने के लिए कहा तो वो भड़क गए और मारपीट कर दी।
देखें वीडियो-
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने की सजा
चाचौड़ा जनपद के मोहनपुरा गांव के रहने वाले किसान भगवत मीना के साथ मारपीट की ये घटना हुई है। किसान भगवत मीना ने बताया कि उसके कुएं की राशि साढ़े तीन लाख रुपए सरपंच और सचिव ने निकाल ली है और इसकी शिकायत उसने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई थी। इसी शिकायत को वापस लेने के लिए जनपद सीईओ गगन वाजपेयी ने उसे चाचौड़ा जनपद कार्यालय बुलाया था। वो वहां पहुंचा तो सीईओ ने शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया जिस पर उसने कहा कि आप कार्रवाई कर दीजिए मैं शिकायत वापस ले लूंगा। इस बात पर सीईओ भड़क गए और उसे अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर पहले तो घसीटते हुए बाथरूम में ले गए और फिर वहां बेल्ट से मारपीट की। मारपीट के कारण किसान को चोटें भी आई हैं।