Blogमध्यप्रदेश
एक और मासूम को लील गया बोरवेल, सिंगरौली में 3 साल की बच्ची की मौत, 5 घंटे तक चला था रेस्क्यू, मुख्यमंत्री भी दुखी
कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट
सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र के कसर गांव में ढाई वर्ष की बच्ची सोमवार को सौ फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। छह घंटे तक 55 फीट खुदाई के बाद बच्ची मिली लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इधर, इस घटना पर एमपी के सीएम मोहन यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है, साथ ही प्रशासन को एक बार फिर चेतावनी दी है।
कसर गांव में करीब साढ़े 4 बजे ढाई वर्ष की बच्ची सौम्या साहू पिता रामप्रकाश साहू उर्फ पिंटू साहू घर के पीछे खेत में खेल रही थी। बोरवेल के पास पहुंचने पर बरसात से गीली हो चुकी मिट्टी धंसक गई। इससे फिसल कर सौम्या बोरवेल में समा गई। मां आरती देवी के सामने हुई इस घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। करीब साढ़े 5 बजे रेस्क्यू शुरू हुआ और रात 10.22 बजे बच्ची का शव निकाला गया। बच्ची बोरवेल में 50 फीट की गहराई में मिली।
बोरवेल में पानी के चलते मौत
बच्ची सौम्या का सोमवार को ही जन्मदिन था। उसकी मौत की मुख्य वजह बोरवेल में पानी भरा होना माना जा रहा है। रेस्क्यू टीम को बच्ची बोरवेल में कीचड़ में धंसी मिली। बच्ची का शव डब्ल्यू आकार में हो गया था। पानी और कीचड़ को ही मौत का कारण माना जा रहा है।
थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा के मुताबिक कसर गांव में करीब साढ़े 4 बजे ढाई वर्ष की बच्ची सौम्या साहू पिता पिंटू साहू के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर बताया गया कि बच्ची घर के पीछे खेत में खेल रही थी। बोरवेल के पास पहुंचने पर बरसात से गीली हो चुकी मिट्टी धसक गई। इससे फिसल कर सौम्या बोरवेल में समा गई। सौम्या के साथ खेल रहे बच्चों ने भाग कर घर वालों को सूचना दी। बच्ची के बोरवेल में गिरने के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। रेस्क्यू कार्य के तहत खुदाई के लिए दो जेसीबी को लगाया गया। दो घंटे में 40 फीट तक की खोदाई कर ली गई थी।
अभियान चलाने के बाद भी खुला रहा बोरवेल
रीवा में त्योथर तहसील के मनिका गांव में 12 अप्रेल को बोरवेल में एक बच्चे के गिरने की घटना के बाद पूरे प्रदेश के साथ यहां जिले में भी बोरवेल को बंद करने के लिए अभियान चलाया गया था। इसके बावजूद कसर में खुले बोरवेल पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजा दर्दनाक घटना हो गई।




