प्रशासनमध्यप्रदेश
एमपी में गौवंश के टुकड़ों का बड़ा जखीरा मिला, मची खलबली, 11 आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर
कलयुग की कलम से रामेश्वर त्रिपाठी की रिपोर्ट
एमपी में गोवंश का बड़ा जखीरा मिला है। प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर में गोवंश के करीब 200 टुकड़े मिले हैं। गोवंश के इतनी बड़ी मात्रा में टुकड़े मिलने से खलबली मच गई। पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ और आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाना शुरु कर दिया।

पता चला है कि कुल 11 मकानों को बुलडोजर चलाकर ढहाया जा रहा है। इनमें से तीन मकान ढहाए जा चुके हैं। नैनपुर के भैंसवाही गांव में ये कार्रवाई की जा रही है। यहां एसपी रजत सकलेचा खुद मौके पर मौजूद हैं। गांव में जिन घरों में गोवंश के अवशेष मिले, उन सभी घरों को ढहाया जा रहा है। एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है।
पुलिस ने गांव में देर रात दबिश दी थी। छापामार कार्रवाई में गांव के 11 मकानों में गोवंश के टुकड़े मिले। इसके बाद पुलिस ने 11 अलग अलग केस दर्ज किए। रात में कई आरोपी भाग गए। सुबह होते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव में आए और आरोपियों के मकानों का ढहाने का काम शुरु कर दिया।

बताया जा रहा है कि भैंसवाही गांव में लोगों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध कत्लखाने खोल लिए थे। नैनपुर एसडीएम सोनल सिडाम के अनुसार भैंसवाही में पुलिस की तलाशी में 11 मकानों से गोवंश के टुकड़े मिले। मकान भी अतिक्रमण कर बनाए गए हैं। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरु की है। पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी आरोपियों के मकान ढहाने में लगे हैं। कई घरों को जमींदोज किया जा चुका है।




