किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने नहर की गुणवत्ता पर कलेक्टर की नजर, आईटीआई में विद्यार्थियों का भी परखा हुनर!,किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त पुलियों को दुरुस्त करने के निर्देश, बहोरीबंद आईटीआई में छात्राओं से कराई कंप्यूटर की प्रैक्टिकल परीक्षा; कूडन जलाशय की क्षमता और 21 गांवों को मिलने वाले लाभों की ली जानकारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने नहर की गुणवत्ता पर कलेक्टर की नजर, आईटीआई में विद्यार्थियों का भी परखा हुनर!,किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त पुलियों को दुरुस्त करने के निर्देश, बहोरीबंद आईटीआई में छात्राओं से कराई कंप्यूटर की प्रैक्टिकल परीक्षा; कूडन जलाशय की क्षमता और 21 गांवों को मिलने वाले लाभों की ली जानकारी
कलयुग की कलम बहोरीबंद – किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने और युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण की गुणवत्ता परखने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने बहोरीबंद विकासखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर के कार्यों का जायजा लेकर निर्माण की गुणवत्ता जांची, वहीं आईटीआई बहोरीबंद पहुंचकर विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को परखा। कलेक्टर ने कूडन जलाशय का निरीक्षण कर उससे लाभान्वित होने वाले गांवों की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और निर्माण कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए।
नहर की लाइनिंग में गुणवत्ता से समझौता नहीं, क्षतिग्रस्त पुलियां भी होंगी दुरुस्त
ग्राम किरहाई पिपरिया में निर्माणाधीन एलबीसी नहर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि बहोरीबंद जलाशय के अंतर्गत शाखा नहरों की कुल लंबाई 34.42 किलोमीटर है। इसमें दायीं और बायीं तट नहर की रिसेक्शनिंग, लाइनिंग संरचनाओं का सुधार और पुनर्निर्माण कराया जा रहा है।
एलबीसी नहर के 12 से 15 किलोमीटर के हिस्से में सीसी लाइनिंग का कार्य प्रगतिरत है। कलेक्टर ने मौके पर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता का जायजा लिया और निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार काम कराने की हिदायत दी।
इस दौरान ग्रामीणों ने नहर में कुछ स्थानों पर बनी पुलियों के क्षतिग्रस्त होने की समस्या उठाई। इस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को पुलियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि नहर से पानी की आपूर्ति और किसानों की आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो। स्थानीय नागरिक नवी मोहम्मद ने बताया कि नहर में पानी पहुंचने से खेतों की सिंचाई आसान होगी और किसानों को बेहतर पैदावार का लाभ मिल सकेगा।
21 गांवों को मिलेगा कूडन जलाशय का लाभ
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कूडन जलाशय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री ने जलाशय की क्षमता सहित अन्य जानकारियां दीं। बताया गया कि जलाशय की कुल क्षमता 36.98 घन मीटर है और इससे जिले के 21 गांव लाभान्वित होंगे। कलेक्टर ने जलाशय से मिलने वाले लाभों और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कंप्यूटर पर छात्राओं का हुनर देख कलेक्टर ने खुद समझाया प्रैक्टिकल
नहर और जलाशय के निरीक्षण के बाद कलेक्टर बहोरीबंद स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, प्रयोगशालाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। कोपा ट्रेड की लैब में उन्होंने छात्रा मधु विश्वकर्मा से एमएस वर्ड में अंग्रेजी टाइपिंग कराई। छात्रा ने तत्परता के साथ टाइपिंग कर अपनी दक्षता दिखाई।
इसके बाद छात्रा मधु लोधी से एमएस एक्सेल में पांच संख्याओं का जोड़ करने को कहा। इस दौरान कलेक्टर ने स्वयं गणना की प्रक्रिया समझाते हुए जोड़ पूरा कराया और विद्यार्थियों को कंप्यूटर के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने संस्थान के प्राचार्य को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कार्यक्षेत्र में अपनी दक्षता साबित कर सकें।
कलेक्टर ने सोलर डेफिसियंट ट्रेड लैब का भी निरीक्षण किया और प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री प्रलेश बम्हनिया, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर और एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
एक ओर नहर और जलाशय के माध्यम से किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारियों का जायजा लिया गया, तो दूसरी ओर आईटीआई में विद्यार्थियों के व्यावहारिक कौशल को मजबूत करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर के इस दौरे में कृषि और तकनीकी शिक्षा, दोनों क्षेत्रों की व्यवस्थाएं प्रशासन की प्राथमिकता में नजर आईं।



