एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

धान खरीदी की तारीख तय! 1 दिसंबर से खुलेंगे 85 उपार्जन केंद्र, किसानों को मिलेगा 2441 रुपये प्रति क्विंटल भाव,20 जनवरी 2027 तक चलेगी समर्थन मूल्य पर खरीदी, सोमवार से शुक्रवार सुबह 8 से रात 8 बजे तक होगी तौल; धान बेचने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग अनिवार्य

कलयुग की कलम से राकेश यादव

धान खरीदी की तारीख तय! 1 दिसंबर से खुलेंगे 85 उपार्जन केंद्र, किसानों को मिलेगा 2441 रुपये प्रति क्विंटल भाव,20 जनवरी 2027 तक चलेगी समर्थन मूल्य पर खरीदी, सोमवार से शुक्रवार सुबह 8 से रात 8 बजे तक होगी तौल; धान बेचने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग अनिवार्य

कलयुग की कलम कटनी – जिले के धान उत्पादक किसानों के लिए बड़ी खबर है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में आगामी 1 दिसंबर से धान उपार्जन का कार्य शुरू होगा। कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिला उपार्जन समिति की अनुशंसा पर जिलेभर में कुल 85 उपार्जन केंद्र निर्धारित किए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से पंजीकृत किसानों से 20 जनवरी 2027 तक धान की खरीदी की जाएगी। इस वर्ष शासन ने धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

निर्धारित 85 केंद्रों में 49 गोदाम स्तरीय उपार्जन केंद्र शामिल हैं। इनमें से 7 केंद्र ओपन कैप के माध्यम से संचालित होंगे, जबकि 36 केंद्र समिति स्तरीय रहेंगे। प्रशासन ने खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के साथ ही केंद्रों पर आवश्यक संसाधन, गुणवत्ता परीक्षण और बारदानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिले की सभी प्रमुख तहसीलों में बनाए गए खरीदी केंद्र

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार कटनी तहसील में जरवाही समिति के पिपरौंध, सिंघनपुरी, पहाड़ी और हीरापुर कौड़िया सहित विभिन्न केंद्रों पर खरीदी होगी। कटनी नगर तहसील में मुड़वारा, कुठला, कन्हवारा, कैलवाराकला और चाका केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

ढीमरखेड़ा तहसील में खमतरा, कटरिया, झिन्ना, खाम्हा, मुरवारी, ढीमरखेड़ा, पौड़ी कला, दशरमन, गोपालपुर, उमरियापान, कुड़वारी, कचनारी, सिलौंडी, देवरी और टोला सहित विभिन्न केंद्रों पर धान का उपार्जन किया जाएगा।

बड़वारा तहसील में लखाखेरा, अमाड़ी, बड़वाराकला, कजिया, विलायतकला, नन्हवारासेजा, बसाड़ी और निगहरा केंद्रों पर खरीदी की व्यवस्था की गई है। वहीं बरही तहसील में पिपरियाकलां, बगैहा, बरही और करौंदीखुर्द केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

बहोरीबंद तहसील में हथियागढ़, बचैया, कूड़न, किवलारी, देवरीखरगवां, पथराड़ी पिपरिया, बहोरीबंद, सिदुरसी, बाकल, मसंन्धा, खमतरा बाकल, कुआं, सिहुड़ी, इमलिया, कूड़ा, चांदनखेड़ा, सलैया कला और बरही बाकल सहित विभिन्न केंद्रों पर धान खरीदी की जाएगी।

रीठी तहसील में बड़खेरा, डांग, बिलहरी, मोहास, बड़गांव, गुरजीकला, तिलगवां, रीठी, बकलेहटा, रैपुरा और देवगांव केंद्रों को शामिल किया गया है।

विजयराघवगढ़ तहसील में कांटी, जिवारा, देवराकला, विजयराघवगढ़, सिंगोड़ी, उबरा, अमहेटा, कारीतलाई, सलैया कोहारी, धवेया और बंजारी केंद्रों पर खरीदी होगी।

स्लीमनाबाद तहसील में तेवरी, स्लीमनाबाद, भूला, धरवारा, जुजावल, पडरभटा, धुरी और कौड़िया केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर संबंधित सहकारी समितियों एवं निर्धारित संस्थाओं के माध्यम से उपार्जन कार्य कराया जाएगा।

सप्ताह में पांच दिन होगी खरीदी, शाम 6 बजे तक मिलेगी तौल पर्ची

प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उपार्जन केंद्र सोमवार से शुक्रवार तक सप्ताह में पांच दिन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संचालित होंगे। किसानों को तौल पर्ची शाम 6 बजे तक जारी की जाएगी। निर्धारित कार्यदिवसों में अपरिहार्य कारणों से जिन किसानों की उपज की तौल नहीं हो पाएगी, उनकी तौल शनिवार को कराई जाएगी।

प्रत्येक केंद्र पर एफएक्यू गुणवत्ता के धान के नमूने प्रदर्शित करना और गुणवत्ता संबंधी बैनर लगाना अनिवार्य होगा। गुणवत्ता सर्वेयर एप में सर्वेयर अथवा केंद्र प्रभारी का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले धान को अस्वीकृत किया जाएगा और किसानों को उपज की गुणवत्ता सुधारने के लिए समझाइश दी जाएगी।

स्लॉट बुकिंग के बिना नहीं बेच सकेंगे धान

समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों को ई-उपार्जन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा। स्लॉट की वैधता सात कार्य दिवस निर्धारित की गई है। खरीदी के अंतिम 10 दिनों को छोड़कर किसान स्लॉट बुक कर सकेंगे।

खरीदी के दौरान किसान अथवा उसके द्वारा नामांकित व्यक्ति और उपार्जन केंद्र प्रभारी का आधार ई-केवाईसी सत्यापन किया जाएगा। यह प्रक्रिया ओटीपी अथवा बायोमेट्रिक के माध्यम से पूरी होगी। सत्यापन के बाद ही धान की खरीदी की मात्रा पोर्टल पर दर्ज होगी और खरीदी देयक जारी किया जा सकेगा। इसके बाद ही किसान से की गई खरीदी मान्य होगी।

एक बोरे में 40 किलो धान, बारदानों की सिलाई के भी तय हुए नियम

धान की भरती 40 किलोग्राम के मानक के अनुसार की जाएगी। इससे अधिक मात्रा की तौल एक बोरे में नहीं की जा सकेगी। नए जूट बारदानों का मानक वजन 580 ग्राम और पुराने उपयोग किए गए बारदानों का वजन 500 ग्राम निर्धारित किया गया है।

प्रत्येक बोरे पर नीले रंग से 18×18 इंच की निर्धारित स्टेंसिल लगाना अनिवार्य होगा। बारदानों की सिलाई प्राथमिकता के आधार पर विद्युत चालित मशीन से नीले धागे द्वारा डबल सिलाई में की जाएगी। उपार्जन समाप्त होने के बाद बचे हुए नए और क्षतिग्रस्त बारदानों को संबंधित एजेंसी द्वारा निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त किया जाएगा तथा उनका रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखना होगा।

बारिश से धान खराब हुआ तो समिति की तय होगी जिम्मेदारी

उपार्जन केंद्रों पर धान के स्कंध के स्टैक नहीं लगाए जाने की स्थिति में असामयिक बारिश से धान खराब होने का उत्तरदायित्व संबंधित उपार्जन समिति का होगा। प्रशासन ने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

भारत सरकार द्वारा भी उपार्जन केंद्रों का उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर श्रेणीकरण किया जाएगा। इसके लिए केंद्र प्रभारियों को आवश्यक सुविधाओं की जानकारी और फोटोग्राफ PCSAP.IN पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। संबंधित केंद्र संचालन संस्थाओं को पर्याप्त भौतिक एवं मानव संसाधनों की व्यवस्था भी स्वयं सुनिश्चित करनी होगी।

Related Articles

Back to top button