रात 7 बजे तक खुला रहा उमरिया पान SBI का मुख्य गेट, बैंक की सुरक्षा भगवान भरोसे! ग्राहकों के लिए समय की सख्ती, लेकिन बैंक के मुख्य द्वार पर लापरवाही! सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल, कर्मचारियों के कथित अभद्र व्यवहार से भी उपभोक्ताओं में नाराजगी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

रात 7 बजे तक खुला रहा उमरिया पान SBI का मुख्य गेट, बैंक की सुरक्षा भगवान भरोसे! ग्राहकों के लिए समय की सख्ती, लेकिन बैंक के मुख्य द्वार पर लापरवाही! सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल, कर्मचारियों के कथित अभद्र व्यवहार से भी उपभोक्ताओं में नाराजगी
कटनी/म.प्र
कलयुग की कलम उमरिया पान – प्रदेश के विभिन्न जिलों में बैंकों में लूटपाट की घटनाएं सामने आने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का मामला अब उमरियापान स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में सामने आया है। शुक्रवार रात करीब 7 बजे के बाद तक बैंक का मुख्य गेट खुला रहने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह रही कि देर शाम तक मुख्य द्वार खुला होने के बावजूद वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आए।
बैंक उपभोक्ताओं ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आम ग्राहकों के लिए बैंक प्रबंधन समय की पाबंदी को लेकर बेहद सख्त रहता है। यदि कोई ग्राहक शाम 4 बजकर 2 से 4 मिनट बाद बैंक पहुंचता है तो उसे काम किए बिना ही वापस लौटा दिया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब ग्राहकों के लिए समय का इतना कड़ाई से पालन कराया जाता है, तो फिर रात 7 बजे के बाद तक बैंक का मुख्य गेट खुला रखने की क्या वजह थी? बैंक परिसर की सुरक्षा को लेकर बरती गई इस लापरवाही ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कर्मचारियों के व्यवहार से भी ग्राहक परेशान
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ बैंक कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी उपभोक्ताओं ने असंतोष जताया है। ग्राहकों का आरोप है कि बैंक में पदस्थ कैश ऑफिसर रूपेश सुसौदिया एवं निजी कर्मचारी किशन काछी द्वारा उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जाता और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है। बैंकिंग कार्य के दौरान इस तरह के व्यवहार से ग्राहकों को असहजता और परेशानी का सामना करना पड़ता है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बैंक जैसी जिम्मेदार संस्था में ग्राहकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।
अधिकारियों से शिकायत, कार्रवाई की मांग
बैंक की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के कथित व्यवहार से नाराज उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर मामले में उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है। ग्राहकों का कहना है कि बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन कराने के साथ ही कर्मचारियों के व्यवहार में भी सुधार सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं का भरोसा बना रहे।
शाखा प्रबंधक बोले- गेट खुला रहना गलत, स्टाफ से लेंगे जानकारी
मामले में भारतीय स्टेट बैंक उमरियापान के शाखा प्रबंधक रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि यदि बैंक का मुख्य गेट देर तक खुला रहा है तो यह गलत है। इस संबंध में स्टाफ से जानकारी ली जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बैंक कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें समझाइश दी जाएगी कि वे उपभोक्ताओं के साथ उचित व्यवहार करें और बैंक की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।



