प्रशासनमध्यप्रदेश

अंग्रेजी में बोली कल्पना तो गूंज उठीं तालियां! ग्रामीण स्कूल की छात्रा के आत्मविश्वास ने कलेक्टर को भी किया प्रभावित,केवलारी स्कूल पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, सवाल-जवाब के जरिए परखी शैक्षणिक प्रतिभा; स्कूल की व्यवस्थाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अंग्रेजी में बोली कल्पना तो गूंज उठीं तालियां! ग्रामीण स्कूल की छात्रा के आत्मविश्वास ने कलेक्टर को भी किया प्रभावित,केवलारी स्कूल पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, सवाल-जवाब के जरिए परखी शैक्षणिक प्रतिभा; स्कूल की व्यवस्थाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बस उसे निखरने के लिए सही अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। ग्राम केवलारी की शासकीय प्राथमिक शाला में शुक्रवार को इसका खूबसूरत उदाहरण देखने को मिला। यहां निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी ने जब विद्यार्थियों से बातचीत की, तो कक्षा आठवीं की छात्रा कल्पना मिश्रा ने अपने आत्मविश्वास और अंग्रेजी में शानदार परिचय से सभी का ध्यान आकर्षित कर लिया।

कलेक्टर ने छात्रा कल्पना से अंग्रेजी में अपना परिचय देने को कहा। इस पर कल्पना ने बिना किसी संकोच के धाराप्रवाह अंदाज में अंग्रेजी में अपना परिचय दिया। उसकी स्पष्ट अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर सहित मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तालियां बजाकर उसका उत्साहवर्धन किया। छात्रा के इस प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचलों के विद्यालयों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इसी कक्षा के छात्र प्रवीण ने भी कलेक्टर के सवालों का पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब देकर अपनी शैक्षणिक समझ का परिचय दिया।

बच्चों से संवाद कर जाना शिक्षा का स्तर

विद्यालय में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने उनकी पढ़ाई, सामान्य ज्ञान और विषयों की समझ को परखा। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के प्रति रुचि बनाए रखने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और जवाब देने के तरीके से उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की संभावनाओं को भी करीब से देखा।

यूनिफॉर्म और बुनियादी सुविधाओं पर दिए निर्देश

विद्यार्थियों से संवाद के बाद कलेक्टर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पाण्डेय को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थी नियमित रूप से निर्धारित स्कूल यूनिफॉर्म में विद्यालय आएं। साथ ही स्कूल में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button