11 महीने बाद भी सिहोरा नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री! पिछोर को जिला बनाने की घोषणा से भड़के लोग, फिर तेज होगा जिला आंदोलन,18 नवंबर को काल भैरव मंदिर में जुटेंगे सिहोरा वासी, बैठक में आंदोलन की नई रणनीति और आगामी संघर्ष की दिशा होगी तय
कलयुग की कलम से राकेश यादव

11 महीने बाद भी सिहोरा नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री! पिछोर को जिला बनाने की घोषणा से भड़के लोग, फिर तेज होगा जिला आंदोलन,18 नवंबर को काल भैरव मंदिर में जुटेंगे सिहोरा वासी, बैठक में आंदोलन की नई रणनीति और आगामी संघर्ष की दिशा होगी तय
कलयुग की कलम सिहोरा – सिहोरा को जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिहोरा आने का दिया गया आश्वासन करीब 11 महीने बाद भी पूरा नहीं होने और अब पिछोर को जिला बनाने की घोषणा से क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री के इस रुख से निराश सिहोरा वासी अब एक बार फिर जिला आंदोलन को नई धार देने की तैयारी में जुट गए हैं।
गौरतलब है कि सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर 3 नवंबर 2025 से 26 दिसंबर 2025 तक व्यापक आंदोलन चलाया गया था। इस दौरान आंदोलनकारियों ने क्रमिक भूख हड़ताल से लेकर आमरण सत्याग्रह तक कई चरणों में संघर्ष किया। लंबे आंदोलन के बाद 26 दिसंबर 2025 को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिहोरा आने का आश्वासन दिया था। लेकिन लगभग 11 महीने बीत जाने के बावजूद मुख्यमंत्री का सिहोरा दौरा नहीं हो सका।
इसी बीच पिछोर को जिला बनाने के संबंध में मुख्यमंत्री की ओर से सहमति की घोषणा किए जाने से सिहोरा वासियों में असंतोष और गहरा गया है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि जब अन्य क्षेत्रों को जिला बनाने की दिशा में पहल हो सकती है, तो सिहोरा की वर्षों पुरानी मांग पर भी सरकार को गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए।
18 नवंबर को तय होगी आंदोलन की अगली दिशा
बढ़ती नाराजगी के बीच लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने 18 नवंबर को शाम 7 बजे काल भैरव चौक स्थित काल भैरव मंदिर में आवश्यक बैठक आयोजित की है। बैठक में सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर आगामी संघर्ष की रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही आंदोलन को नए सिरे से गति देने, शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से अपनी बात पहुंचाने और आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी।
समिति ने की अधिक से अधिक सहभागिता की अपील
लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के अनिल जैन, विकास दुबे, कृष्णकुमार कुररिया, मानस तिवारी, नंदकुमार परौहा, अमित बक्शी, रामजी शुक्ला, संतोष वर्मा, संजय पाठक, नितेश खरया, संतोष पांडे एवं जितेंद्र श्रीवास सहित अन्य सदस्यों ने समस्त सिहोरा वासियों से 18 नवंबर को आयोजित बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है, ताकि जिला बनाने की मांग को लेकर एकजुट होकर आगे की लड़ाई की दिशा तय की जा सके।



