मचखंडा मोहल्ले के जर्जर हनुमान मंदिर पर मंडरा रहा खतरा, कभी भी ढह सकती हैं दीवारें! श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विहिप-बजरंग दल ने उठाई आवाज,ग्राम पंचायत को पहले भी सौंपा जा चुका है आवेदन, अब विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह से पंचायत निधि के माध्यम से नवीन मंदिर निर्माण कराने की मांग; जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से शीघ्र पहल करने की अपील
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कलयुग की कलम उमरिया पान – नगर के मचखंडा मोहल्ले में स्थित हनुमान मंदिर की जर्जर हालत अब श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए चिंता का विषय बन गई है। मंदिर की दीवारों में जगह-जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और भवन की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि कभी भी धराशायी होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।
मंदिर की बदहाल स्थिति को देखते हुए विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने इसके नवीन निर्माण की मांग उठाई है। संगठन की ओर से बताया गया कि इस संबंध में पूर्व में ग्राम पंचायत उमरियापान को आवेदन देकर मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।
विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल नगर उमरियापान ने बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह और ग्राम पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए पंचायत निधि से मचखंडा मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर का नवीन निर्माण कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की आस्था का केंद्र भी है। इसलिए इसकी सुरक्षा और व्यवस्थित निर्माण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
संगठन ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि श्रद्धालुओं की आस्था और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते टाला जा सके।
अब देखना यह होगा कि जनप्रतिनिधि और ग्राम पंचायत इस मांग पर कितनी जल्दी पहल करते हैं और मचखंडा मोहल्ले के श्रद्धालुओं को जर्जर मंदिर से कब राहत मिलती है।
निवेदक : विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, नगर उमरियापान, जिला कटनी।