एक्सक्लूसिव खबरेंमध्यप्रदेश

महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल,ढीमरखेड़ा में ब्लॉक कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा 9 सूत्रीय ज्ञापन, 15 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

महंगाई और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल,ढीमरखेड़ा में ब्लॉक कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा 9 सूत्रीय ज्ञापन, 15 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – बढ़ती महंगाई और तहसील मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ढीमरखेड़ा ने गुरुवार को राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आमजन से जुड़े नौ प्रमुख मुद्दों के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि खाद्य सामग्री, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, बिजली और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिलाओं और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार को महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

 बस किराया वृद्धि पर जताई नाराजगी

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बस संचालकों एवं ऑपरेटरों द्वारा मनमाने तरीके से बस किराए में करीब 50 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। कांग्रेस ने मांग की कि किराए में की गई वृद्धि की जांच कर आम यात्रियों, मजदूरों और ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए।

ढीमरखेड़ा में स्थायी डॉक्टर की मांग

कांग्रेस ने तहसील मुख्यालय ढीमरखेड़ा में तत्काल स्थायी चिकित्सक की पदस्थापना करने की मांग रखी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए नियमित चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

 सड़कों और खतरनाक स्थानों की मरम्मत की मांग

ज्ञापन में सिमरिया के पास मुख्य मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढे को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई। वहीं पुलिस थाना ढीमरखेड़ा के सामने मुख्य चौराहे पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इन स्थानों पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है और किसी बड़ी घटना से पहले प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

इसके अलावा पचपेड़ी-घुघरा मार्ग, टोपी तिराहा-घुघरा मार्ग, गूडा़ से भैंसवाही मार्ग तथा  दर्शाया से भूला सड़क मार्ग के मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने की मांग की गई।

 खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता और बिजली आपूर्ति पर जोर

किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कांग्रेस ने खाद वितरण में सामने आ रही ई-टोकन एवं तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की। साथ ही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाकर किसानों को पर्याप्त एवं नियमित विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की बात कही गई।

कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी कि यदि 15 दिवस के भीतर मांगों और समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता के साथ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से जनआंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष रवेंद्र बाजपेई, कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दीक्षित, कांग्रेस परिवहन प्रकल्प प्रदेश सचिव शैलेंद्र पौराणिक, मंडल अध्यक्ष नीरज राय, मंकू चौरसिया, रविंद्र परते, रवि अवस्थी, सुनील पटेल, स्वतंत्र चौरसिया, सत्तू सोनी, विराट पांडे, भजन बर्मन, अनंत राम गर्ग, संजू चौरसिया, ओम प्रकाश चौरसिया, मंडल अध्यक्ष सुजीत बाजपेई, अमित गर्ग, धरवारा सुजीत लोनी, अंकित तिवारी, सागर शुक्ला, कमलेश रजक, ओंकार शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

दिनांक 27 अगस्त 2026 को तहसील मुख्यालय ढीमरखेड़ा में ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Back to top button