एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

महर्षि आश्रम में वेदपाठी ब्राह्मण का फांसी पर लटका मिला शव,बाथरूम की चौखट पर धोती से बना था फंदा, जमीन से सटे थे पैर; मौत की परिस्थितियों पर उठे सवाल, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

कलयुग की कलम से राकेश यादव

महर्षि आश्रम में वेदपाठी ब्राह्मण का फांसी पर लटका मिला शव,बाथरूम की चौखट पर धोती से बना था फंदा, जमीन से सटे थे पैर; मौत की परिस्थितियों पर उठे सवाल, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

कलयुग की कलम उमरिया पान – उमरियापान थाना क्षेत्र के करौंदी स्थित महर्षि आश्रम के श्रीराम परिसर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 26 वर्षीय वेदपाठी ब्राह्मण का शव कमरे के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान आदर्श शर्मा पिता सुरेश शर्मा, निवासी ग्राम कुम्हरिया केवलारी, थाना उनाव बालाजी, जिला दतिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उमरियापान पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को उमरियापान अस्पताल में सुरक्षित रखवाया है।

25 अगस्त से अनुष्ठान में नहीं हो रहा था शामिल

जानकारी के अनुसार आदर्श शर्मा करौंदी स्थित महर्षि आश्रम में रहकर अनुष्ठान का कार्य करता था। वह आश्रम परिसर के कमरा नंबर 01, ब्लॉक नंबर 03 में रहता था। बताया गया कि 25 अगस्त से आदर्श तबीयत खराब होने की बात कहकर अनुष्ठान में शामिल नहीं हो रहा था, जिसकी उपस्थिति पत्रक में भी अनुपस्थिति दर्ज बताई गई है।

गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे परिसर में रहने वाले मिथलेश तिवारी, प्रमोद गर्ग, दीपांशु परौहा और संदीप तिवारी आदर्श के कमरे की ओर गए। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद परिसर के जिम्मेदार व्यक्ति को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर जब खिड़की से अंदर देखा गया तो आदर्श बाथरूम के दरवाजे की चौखट जैसी संरचना से लाल रंग की धोती के सहारे फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया।

पैर जमीन से सटे होने सहित कई बिंदुओं पर पुलिस की नजर

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार आदर्श के पैर जमीन की ओर घुटनों तक झुके हुए थे, जबकि दोनों हाथों की मुट्ठियां बंधी हुई थीं और कोहनी जमीन से सटी बताई गई। शव जिस स्थिति में मिला, उसे लेकर मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इन परिस्थितियों से किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल की स्थिति और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

आश्रम परिसर में करीब 200 लोग रहते हैं

बताया गया कि महर्षि आश्रम करौंदी में करीब 200 लोग रहते हैं और यहां प्रतिदिन सुबह करीब 6 बजे से अनुष्ठान का कार्य होता है। आदर्श भी इसी परिसर में रहकर अनुष्ठान से जुड़ा कार्य करता था।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button