कलेक्टर नहीं, बेटे की तरह बने बुजुर्ग दंपति का सहारा,कन्हवारा स्वास्थ्य केंद्र में दिखी प्रशासन की संवेदनशील तस्वीर, बीमार अम्मा-दादा को खुद डॉक्टर कक्ष तक पहुंचाया; जांच पूरी होने तक साथ खड़े रहे आशीष तिवारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कलेक्टर नहीं, बेटे की तरह बने बुजुर्ग दंपति का सहारा,कन्हवारा स्वास्थ्य केंद्र में दिखी प्रशासन की संवेदनशील तस्वीर, बीमार अम्मा-दादा को खुद डॉक्टर कक्ष तक पहुंचाया; जांच पूरी होने तक साथ खड़े रहे आशीष तिवारी
कलयुग की कलम कटनी – प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने कन्हवारा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने पहुंचे एक वृद्ध दंपति का न केवल हालचाल जाना, बल्कि उन्हें अपने बुजुर्ग माता-पिता की तरह संभालते हुए चिकित्सकीय जांच तक साथ रहे। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान सामने आया यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक करने वाला रहा।
अम्मा-दादा की परेशानी पूछी, फिर खुद डॉक्टर तक ले गए
कन्हवारा निवासी 60 वर्षीय सोनाबाई कोरी और 65 वर्षीय हरिदास कोरी उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। कलेक्टर की नजर जब दोनों बुजुर्गों पर पड़ी तो वे उनके पास पहुंचे और आत्मीयता से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। बातचीत के दौरान उनकी परेशानी जानने के बाद कलेक्टर स्वयं दोनों को चिकित्सक कक्ष तक लेकर गए।
जांच शुरू होने के बाद भी कलेक्टर वहां से नहीं हटे। उन्होंने चिकित्सकों से दोनों के स्वास्थ्य की स्थिति और उपचार के संबंध में जानकारी ली। सोनाबाई कोरी को लंबे समय से बुखार की शिकायत के साथ हड्डियों से जुड़ी परेशानी बताई गई, जबकि हरिदास कोरी भी हड्डियों की समस्या से पीड़ित हैं। कलेक्टर ने चिकित्सकों को दोनों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इलाज के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल
वृद्ध दंपति की स्थिति जानने के बाद कलेक्टर ने उनकी सामाजिक एवं आर्थिक जरूरतों की ओर भी ध्यान दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पटवारी को कोरी दंपति का बीपीएल कार्ड बनवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्रता के अनुसार उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
टीबी पीड़ित महिला से भी जाना स्वास्थ्य का हाल
स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए पहुंची कन्हवारा की एक महिला से भी कलेक्टर ने बातचीत की। महिला टीबी से पीड़ित थी और अपने करीब डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ उपचार के लिए आई थी। कलेक्टर ने उससे निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता और नियमित सेवन के संबंध में जानकारी ली।
महिला के स्वास्थ्य को देखते हुए कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह को पोषण आहार किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उसके बच्चे का टीकाकरण सुनिश्चित कराने को भी कहा।
जनविश्वास अभियान में दिखा संवेदनशील प्रशासन का चेहरा
कलेक्टर की इस पहल ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के उस उद्देश्य को भी सामने रखा, जिसमें पात्र लोगों तक शासन की सुविधाएं और योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार और योजनाओं का लाभ दिलाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, तहसीलदार श्री अजीत तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



