देशभक्ति की प्रस्तुति ने जीता दिल, माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएं जिला स्तर पर अव्वल‘मातृभूमि की वंदना’ और ‘देशभक्ति-एकता’ की शानदार प्रस्तुति से हासिल किया प्रथम स्थान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

देशभक्ति की प्रस्तुति ने जीता दिल, माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएं जिला स्तर पर अव्वल‘मातृभूमि की वंदना’ और ‘देशभक्ति-एकता’ की शानदार प्रस्तुति से हासिल किया प्रथम स्थान
कलयुग की कलम कटनी – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झिंझरी स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। छात्राओं की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में परिसर की 31 छात्राओं ने ‘मातृभूमि की वंदना’ एवं ‘देशभक्ति-एकता’ की थीम पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। नृत्य, गायन और सामूहिक प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं ने देशप्रेम, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर निर्णायक मंडल ने विद्यालय को जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्रदान किया।
कलेक्टर ने किया सम्मानित
उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने छात्राओं को शील्ड एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करते ही छात्राओं में उत्साह और उल्लास का माहौल बन गया। विद्यालय परिवार ने भी छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय में भी उत्साह से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
15 अगस्त को विद्यालय परिसर में प्रभारी प्राचार्य श्री अतुल कुमार निगम ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर शिक्षक, छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रभात फेरी निकाली। इसके पश्चात मुख्य अतिथि की उपस्थिति में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित नृत्य, गायन, भाषण और नाटक की प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बनाया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रभारी प्राचार्य द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी प्राचार्य ने छात्राओं को देशप्रेम, अनुशासन और शिक्षा के महत्व के प्रति प्रेरित किया। इसके बाद छात्राओं को प्रसाद वितरित किया गया तथा मेस में विशेष भोजन कराया गया।
शिक्षकों के मार्गदर्शन में मिली सफलता
छात्राओं की प्रस्तुति को तैयार कराने और उनका उत्साह बढ़ाने में प्रभारी प्राचार्य श्री अतुल कुमार निगम, सांस्कृतिक प्रभारी श्रीमती प्रभा गुप्ता, अधीक्षक श्रीमती हेमलता बैरागी एवं श्री सी.पी. मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
‘हर घर तिरंगा’ में भी दिखा देशभक्ति का जज्बा
इससे पहले 14 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ परिसर में यात्रा की और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त करना माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं की प्रतिभा, मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।



