गौशाला से उठा हरियाली का संदेश: विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने किया पौधारोपण,विश्व पर्यावरण दिवस पर बजरंग गौशाला परिसर में चला वृक्षारोपण अभियान, “एक पेड़ मां के नाम” से जुड़ा जनसंदेश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गौशाला से उठा हरियाली का संदेश: विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने किया पौधारोपण,विश्व पर्यावरण दिवस पर बजरंग गौशाला परिसर में चला वृक्षारोपण अभियान, “एक पेड़ मां के नाम” से जुड़ा जनसंदेश
कलयुग की कलम कटनी – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वच्छ गांव-सुरक्षित जलवायु अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत पठरा स्थित बजरंग गौशाला परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री सिंह ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा लगाकर लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अर्जुन, करंजी, महोदिया, आंवला, मुनगा और आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने भी पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि बजरंग गौशाला पठरा के संचालकों एवं मानव जीवन विकास समिति, बिजोरी द्वारा निःशुल्क पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई, जिससे बड़े स्तर पर पौधारोपण संभव हो सका। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष श्री राम सेवक दुबे, मानव जीवन विकास समिति के सचिव एवं पर्यावरणविद् श्री निर्भय सिंह एवं उनकी टीम, अनुराग गुप्ता, उप सरपंच श्री अनिल सिंह, जनपद पंचायत बड़वारा की सीईओ सुश्री प्रभा तेकाम, एपीओ मनरेगा, बीसी स्वच्छ भारत मिशन, उपयंत्री सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि समाज और प्रशासन मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं, तो हर गांव हरियाली और स्वच्छ वातावरण की मिसाल बन सकता है। वृक्षारोपण के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों ने प्रकृति संरक्षण और सुरक्षित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



