इटमां में सगे भाइयों के परिवारों में खूनी संघर्ष,जमीनी विवाद में चले लाठी-डंडे, महिला समेत दो गंभीर घायल; पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस केस
कलयुग की कलम से राकेश यादव

इटमां में सगे भाइयों के परिवारों में खूनी संघर्ष,जमीनी विवाद में चले लाठी-डंडे, महिला समेत दो गंभीर घायल; पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस केस
कलयुग की कलम उमरिया पान – उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम इटमां में पारिवारिक और जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सगे भाइयों के परिवारों के बीच हुए विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे पुराने पारिवारिक विवाद और जमीन संबंधी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों ओर से लाठी-डंडों से हमला किया गया।
पत्नी को बचाने आई महिला हुई घायल
पहले पक्ष के विनोद नाहर (50) ने पुलिस को बताया कि उनके सगे भाई प्रमोद नाहर, प्रकाश नाहर और प्रदीप नाहर ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी सरिता नाहर (45) भी हमले की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया हमला करने का आरोप
दूसरे पक्ष के प्रमोद कुमार नाहर (36) ने काउंटर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विनोद नाहर और सरिता नाहर ने उनके परिवार पर हमला किया। इस झड़प में प्रकाश कुमार नाहर (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया है कि उन्हें भारी वस्तु से चोट पहुंची है।
पुलिस ने शुरू की जांच
उमरियापान पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं, जिनमें गंभीर चोट पहुंचाने से संबंधित धारा 118(1) शामिल है, के तहत प्रकरण दर्ज किया है। घायलों का उपचार कराया गया है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पुराने विवाद ने बढ़ाया तनाव
ग्रामीणों के अनुसार दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को यही विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद गांव में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।



