प्रशासनमध्यप्रदेश

न्याय प्रक्रिया में नहीं होगी देरी: कोर्ट मोहर्रिरों से बोले एसपी अभिनय विश्वकर्मा— “समस्या बताइए, समाधान हम मिलकर करेंगे”ई-समन, वारंट तामीली और गवाहों की उपस्थिति पर सख्त निर्देश, कार्यप्रणाली सुधारने पर जोर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

न्याय प्रक्रिया में नहीं होगी देरी: कोर्ट मोहर्रिरों से बोले एसपी अभिनय विश्वकर्मा— “समस्या बताइए, समाधान हम मिलकर करेंगे”ई-समन, वारंट तामीली और गवाहों की उपस्थिति पर सख्त निर्देश, कार्यप्रणाली सुधारने पर जोर

कलयुग की कलम कटनी – जिला पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले के सभी कोर्ट मोहर्रिरों, चालानी मुंशियों तथा समन-वारंट तामीली से जुड़े कर्मचारियों की मासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में न्यायालयीन कार्यों में तेजी लाने, लंबित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और तामीली व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

“निसंकोच बताएं समस्याएं, हर कठिनाई का होगा समाधान”

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि वे बिना किसी संकोच के अपनी व्यावहारिक समस्याएं रखें। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर या दस्तावेजी प्रक्रिया में जहां भी कठिनाई आ रही है, उसे साझा करें ताकि सभी मिलकर उसका समाधान निकाल सकें और न्यायिक प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जा सके।

ई-समन और वारंट तामीली पर विशेष फोकस

एसपी ने ई-समन एवं वारंट जारी करने और उनकी तामीली में आने वाली समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि चिन्हित मामलों में गवाहों की समय पर न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि मामलों का त्वरित निराकरण हो सके। विचाराधीन प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के भी निर्देश दिए गए।

ग्रेडिंग सुधारने के निर्देश

समन एवं वारंट तामीली की वर्तमान स्थिति और ग्रेडिंग पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य करने और शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने को कहा गया।

फिंगर प्रिंट लेने पर जोर

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन प्रकरणों में आरोपियों को सजा हो चुकी है, उनमें शत-प्रतिशत अंगुल चिन्ह (फिंगर प्रिंट) लिए जाएं। इसे न्यायिक रिकॉर्ड की सटीकता और भविष्य की जांच प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

न्याय व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की पहल

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा की इस पहल को न्यायिक कार्यों में समन्वय और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक से स्पष्ट संदेश दिया गया कि न्याय प्रक्रिया में देरी स्वीकार नहीं होगी और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button