कटनी जिले के 4 गांवों में विकास की नई क्रांति: बरनमहगवां, जरवाही, बहोरीबंद और दशरमन बनेंगे ‘नए वृंदावन’ कृषि, पशुपालन, सौर ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे गांव
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी जिले के 4 गांवों में विकास की नई क्रांति: बरनमहगवां, जरवाही, बहोरीबंद और दशरमन बनेंगे ‘नए वृंदावन’ कृषि, पशुपालन, सौर ऊर्जा और महिला सशक्तिकरण से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे गांव
कलयुग की कलम कटनी – कटनी जिले के चार गांव जल्द ही ग्रामीण विकास के आदर्श मॉडल के रूप में नई पहचान हासिल करेंगे। मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के तहत विजयराघवगढ़ का बरनमहगवां, मुड़वारा का जरवाही, बहोरीबंद का बहोरीबंद और बड़वारा का दशरमन चयनित किए गए हैं। इन गांवों को कृषि, पशुपालन, स्वच्छता, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के समन्वय से विकसित किया जाएगा।
प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर बनाना, ग्रामीण आय बढ़ाना और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए टिकाऊ विकास की मजबूत नींव तैयार करना है।
बरनमहगवां: पोषण और महिला सशक्तिकरण का केंद्र
बरनमहगवां में वर्ष 2030 तक कुपोषण समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां 560 महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर “लखपति किसान” तैयार किया जाएगा। शत-प्रतिशत पेयजल, विद्युत सुविधा और गौशाला आधारित पोषण वाटिकाएं गांव को नई दिशा देंगी।
बहोरीबंद: स्वास्थ्य, जल और समृद्धि का मॉडल
बहोरीबंद में 660 महिलाओं को आय आधारित गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। गांव में पर्याप्त जल उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और कुपोषण उन्मूलन के लिए विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे।
जरवाही: सौर ऊर्जा और जल प्रबंधन से आधुनिक विकास
जरवाही में 271 महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। यहां जल निकासी व्यवस्था, सौर ऊर्जा, स्वच्छ जल प्रबंधन और पशुधन आधारित आय मॉडल विकसित किए जाएंगे, जिससे गांव टिकाऊ विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
दशरमन: स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की मिसाल
बड़वारा क्षेत्र का दशरमन गांव कार्बन न्यूट्रल और ओडीएफ प्लस प्लस ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां शून्य कुपोषण, शून्य ड्रॉप आउट और वर्ष 2026 तक ग्रामीण आय में 40 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है।
विकास का व्यापक रोडमैप तैयार
चयनित गांवों के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जा रही है। कृषि उन्नयन, पशुपालन, रोजगार सृजन, सौर ऊर्जा, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कलेक्टर आशीष तिवारी के अनुसार यह योजना केवल विकास परियोजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का व्यापक अभियान है।
बदलते ग्रामीण भारत की प्रेरक तस्वीर
मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के माध्यम से कटनी के बरनमहगवां, जरवाही, बहोरीबंद और दशरमन अब विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिखने जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में ये गांव पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बन सकते हैं।



