आस्थामध्यप्रदेश

महावीर जयंती पर खितौला में आस्था का जनसैलाब: भव्य शोभायात्रा में महिलाओं की अनूठी भागीदारी बनी आकर्षण 

कलयुग की कलम से राकेश यादव

महावीर जयंती पर खितौला में आस्था का जनसैलाब: भव्य शोभायात्रा में महिलाओं की अनूठी भागीदारी बनी आकर्षण 

कलयुग की कलम सिहोरा खितौला – भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर खितौला जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा एवं विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ किया गया। आयोजन में समाज के सभी वर्गों—महिला, पुरुष एवं बच्चों—की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे पूरे नगर में आध्यात्मिक माहौल बन गया।

शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण महिलाओं की अनुशासित एवं उत्साही भागीदारी रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने न केवल यात्रा की गरिमा बढ़ाई, बल्कि विशेष बैंड वादन प्रस्तुत कर आयोजन को एक नई पहचान दी। भगवान महावीर के जीवन और उनके सिद्धांतों पर आधारित आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा के पश्चात मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक एवं शांतिधारा विधि-विधान से सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

जन्म कल्याणक के अवसर पर समाजजनों द्वारा घर-घर मिष्ठान वितरण किया गया, साथ ही मंदिर स्टाफ एवं आसपास के दुकानदारों को भी प्रसाद स्वरूप मिठाई भेंट की गई। दोपहर 2 बजे से भंडारा प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

रात्रि 7 बजे दीप प्रज्वलन के साथ आरती एवं भक्ताम्बर पाठ का आयोजन हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर समाज के लोगों ने भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य एवं संयम के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। खितौला जैन समाज का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का भी प्रेरणादायक उदाहरण बना।

Related Articles

Back to top button