रायपुर से पकड़ा गया जमीन ठगी का मास्टरमाइंड: 24 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, ढीमरखेड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

रायपुर से पकड़ा गया जमीन ठगी का मास्टरमाइंड: 24 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा, ढीमरखेड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – महर्षि महेश योगी संस्थान की जमीन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के फरार मास्टरमाइंड को ढीमरखेड़ा पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम बरेली निवासी फरियादी रणजीत पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने महर्षि महेश योगी संस्थान की जमीन बेचने का झांसा देकर उससे 24 लाख 52 हजार रुपये की ठगी की। इस मामले में थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 63/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मुकेश पटेल ने एसआरएम फाउंडेशन ऑफ इंडिया के नाम से फर्जी बैंक खाता खुलवाकर ठगी की राशि जमा कराई। इसके बाद रकम को गिरोह के अन्य सदस्यों मनीष पांडे और दिलीप दुबे के खातों में ट्रांसफर किया जाता था। मुंकूदी पटेल के नाम से भी फर्जी खाते के जरिए लेन-देन किया गया।
पुलिस पूर्व में मुकेश पटेल एवं मुंकूदी पटेल को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं फरार आरोपी मनीष पांडे घटना के बाद क्षेत्र छोड़कर रायपुर में छिपा हुआ था। मुखबिर की सूचना पर ढीमरखेड़ा पुलिस की विशेष टीम रायपुर पहुंची और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी, आरक्षक पंकज सिंह एवं आरक्षक डुमनदास की सराहनीय भूमिका रही।



