प्रशासनमध्यप्रदेश

घर-घर दस्तक: हर पात्र परिवार तक पहुंचे आयुष्मान का लाभ जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में समीक्षा बैठक, 60 वर्ष से अधिक आयु वालों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाने के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

घर-घर दस्तक: हर पात्र परिवार तक पहुंचे आयुष्मान का लाभ जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में समीक्षा बैठक, 60 वर्ष से अधिक आयु वालों के शत-प्रतिशत कार्ड बनाने के निर्देश

कलयुग की कलम उमरिया पान -प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य को गति देने के लिए जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री युजवेंद्र कोरी ने अधिकारियों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद नागरिकों को योजना का लाभ दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को चिन्हित कर शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें इलाज के लिए आर्थिक सहायता सहजता से मिल सके।

बैठक में खंड चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ एवं ग्राम रोजगार सहायकों की उपस्थिति में प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिन ग्राम रोजगार सहायकों की आईडी निष्क्रिय है, उनके प्रस्ताव बीएमओ को भेजे जा चुके हैं। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के मार्गदर्शन में सीएचओ, ग्राम रोजगार सहायक एवं कोटवारों का संयुक्त दल गठित कर डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा समय-सीमा बैठक में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा भी कार्य में तेजी लाने और नियमित समीक्षा के निर्देश दिए जाते रहे हैं।

सीईओ श्री कोरी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटी है। सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता से कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Related Articles

Back to top button