आपदा से निपटने को कटनी तैयार 7 दिवसीय नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण का भव्य शुभारंभ, 90 प्रशिक्षणार्थी हुए शामिल
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आपदा से निपटने को कटनी तैयार 7 दिवसीय नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण का भव्य शुभारंभ, 90 प्रशिक्षणार्थी हुए शामिल
कलयुग की कलम कटनी -जिले में आपदा प्रबंधन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 7 दिवसीय नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को होमगार्ड कार्यालय झिंझरी में किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में सिविल डिफेंस टाउन कटनी द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर श्रीमती विंकी सिंहमारे उइके रहीं, जिनका स्वागत जिला कमाण्डेंट श्री नरेश कुमार साहू द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती पूजन कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती सिंहमारे ने उपस्थित 90 सिविल डिफेंस प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में प्रशिक्षित स्वयंसेवक समाज के लिए संजीवनी का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण को गंभीरता, अनुशासन एवं पूर्ण समर्पण के साथ ग्रहण करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण सत्रों के दौरान सेवानिवृत्त डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेंट श्री के.के. डाबराल, सेवानिवृत्त कंपनी कमाण्डर श्री ओ.पी. दुबे, मास्टर ट्रेनर श्री तिलकेश्वर परौहा एवं श्री देवेश गौतम (रेंजर, वन विभाग कटनी) द्वारा नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार सहित विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित, प्रभावी एवं समन्वित प्रतिक्रिया देने में सक्षम प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का निर्माण करना है, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। यह प्रशिक्षण भारत सरकार के आदेश एवं डायरेक्टर जनरल होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।



