प्रशासनमध्यप्रदेश

जनता के बीच उतरेंगे कलेक्टर श्री तिवारी विजयराघवगढ़ में 10 फरवरी को लगेगी जनसुनवाई, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनता के बीच उतरेंगे कलेक्टर श्री तिवारी विजयराघवगढ़ में 10 फरवरी को लगेगी जनसुनवाई, मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

कलयुग की कलम कटनी -जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित निराकरण की दिशा में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने एक अभिनव और संवेदनशील पहल की है। इसी क्रम में मंगलवार 10 फरवरी को प्रातः 11 बजे जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ में जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलेक्टर स्वयं आमजन से रूबरू होकर उनकी शिकायतें सुनेंगे।

इस जनसुनवाई की खास बात यह है कि कलेक्टर के साथ जिले के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे, जिससे समस्याओं का तत्काल और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर श्री तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति कोई भी जिला अधिकारी जनसुनवाई से अनुपस्थित नहीं रहेगा।

सभी विभागों के अफसर रहेंगे मौजूद

जनसुनवाई में जिला स्तर के अधिकारी, एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार, थाना प्रभारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी सहित विकासखंड स्तर के सभी अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जनसुनवाई के बाद विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग की योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन का जायजा भी लेंगे।

लंबित शिकायतों की भी होगी सुनवाई

कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि जनसुनवाई के दौरान लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं सीएम हेल्पलाइन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का रैंडम चयन कर सुनवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को मौके पर ही जवाबदेही के साथ निराकरण के निर्देश दिए जाएंगे।

नोडल और समन्वय अधिकारी नियुक्त

जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को समन्वय अधिकारी, जबकि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

कलेक्ट्रेट में भी लगेगी जनसुनवाई

इसी दिन कलेक्ट्रेट कार्यालय में भी जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, जिसमें अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें सुनेंगे।

Related Articles

Back to top button