चरित्र से राष्ट्र निर्माण” का विराट संदेश, हरदौल बस्ती में उमड़ा हिन्दू समाज का सैलाब
कलयुग की कलम से राकेश यादव

“चरित्र से राष्ट्र निर्माण” का विराट संदेश, हरदौल बस्ती में उमड़ा हिन्दू समाज का सैलाब
KKK NEWS SIHORA-हमारी सबसे बड़ी पूंजी हमारा चरित्र है। यदि व्यक्ति अपना चरित्र सुदृढ़ करता है, तो स्वतः ही समाज और देश का चरित्र भी उज्ज्वल बनता है।” यह विचार जिला कार्यवाह जयराज जी ने हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में जैन मंदिर झंडा सिहोरा स्थित हरदौल बस्ती में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उनके ओजस्वी उद्बोधन ने उपस्थित जनसमूह को आत्ममंथन और सामाजिक दायित्व की दिशा में प्रेरित किया।

जयराज जी ने अपने संबोधन में समाज के सर्वांगीण उत्थान हेतु पांच परिवर्तन—स्वभाव जागरण, नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक समरसता—पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को जीवन में उतारकर ही सशक्त, संस्कारित और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में कथावाचक राम निवास तिवारी जी ने हिंदू समाज से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि ऊंच-नीच और जात-पात जैसी कुरीतियों को समाप्त किए बिना समाज सशक्त नहीं बन सकता। उन्होंने सामाजिक समरसता को हिंदू समाज की आत्मा बताते हुए आपसी सौहार्द और भाईचारे पर विशेष जोर दिया।
मुख्य अतिथि अरुणा पांडे जी ने प्रकृति को ईश्वर का सबसे बड़ा आशीर्वाद बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल, वन और धरती की रक्षा करना केवल दायित्व नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा कर्तव्य है।
इस विराट सम्मेलन में माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों सहित हिंदू समाज के सभी वर्गों की हजारों की संख्या में सहभागिता देखने को मिली। आयोजन स्थल पर अनुशासन, उत्साह और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम दिखाई दिया। सम्मेलन ने समाज में नैतिकता, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।



