प्रशासनमध्यप्रदेश

युवा दिवस पर माधवनगर में योग का महाकुंभ, कलेक्टर श्री तिवारी संग हजारों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक सूर्य-नमस्कार स्वामी विवेकानंद जयंती पर उत्कृष्ट विद्यालय में जिलास्तरीय आयोजन, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और छात्र एक साथ योगमय हुए

कलयुग की कलम से राकेश यादव

युवा दिवस पर माधवनगर में योग का महाकुंभ, कलेक्टर श्री तिवारी संग हजारों विद्यार्थियों ने किया सामूहिक सूर्य-नमस्कार स्वामी विवेकानंद जयंती पर उत्कृष्ट विद्यालय में जिलास्तरीय आयोजन, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और छात्र एक साथ योगमय हुए

कलयुग की कलम कटनी -स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस को युवा दिवस के रूप में उत्साह और अनुशासन के साथ मनाते हुए सोमवार 12 जनवरी को माधवनगर स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में सामूहिक सूर्य-नमस्कार का भव्य जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी स्वयं विद्यार्थियों की पंक्ति में शामिल होकर सूर्य-नमस्कार करते नजर आए। उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहेरिया, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद कुमार चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेश अग्रहरी, नायब तहसीलदार श्री अतुलेश सिंह, शासकीय तिलक महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. आर.पी. सिंह, एडीपीसी रमसा श्री अभय जैन, डीपीसी श्री प्रेमनारायण तिवारी, उपसंचालक पशुपालन डॉ. आर.के. सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जिलास्तरीय इस आयोजन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक समय और एक संकेत पर अनुशासनबद्ध ढंग से सूर्य-नमस्कार एवं योग की क्रियाएं कीं। आकाशवाणी से प्रसारित कार्यक्रम के अनुसार सभी ने चरणबद्ध तरीके से सामूहिक सूर्य-नमस्कार किया। रेडियो प्रसारण के साथ कलेक्टर श्री तिवारी, अधिकारीगण और विद्यार्थियों ने कतारबद्ध होकर प्रार्थना मुद्रा, हस्तउत्सासन, पादहस्तासन, अश्वसंचालनासन, पर्वतासन, अष्टांग नमस्कार एवं भुजंगासन सहित सूर्य-नमस्कार के सात आसनों की बारह स्थितियों का क्रमबद्ध अभ्यास किया।

इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, भस्त्रिका एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कर सभी ने योग के माध्यम से तन-मन को ऊर्जा से भरने का अनुभव किया। कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूर्णतः योगमय और अनुशासित रहा।

इससे पूर्व सूर्य-नमस्कार प्रारंभ होने के पहले कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। आकाशवाणी के माध्यम से सर्वप्रथम राष्ट्रगीत, वंदे मातरम्, स्वामी विवेकानंद के प्रेरक संदेश तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश प्रसारित किया गया, जिसके बाद सामूहिक योगाभ्यास संपन्न हुआ।

इसी क्रम में जिले की सभी हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी युवा दिवस पर सामूहिक सूर्य-नमस्कार एवं प्राणायाम के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवन, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button