जनसुनवाई में संवेदनशील प्रशासन: कलेक्टर तिवारी ने सुनीं 130 समस्याएं, त्वरित समाधान के दिये सख्त निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में संवेदनशील प्रशासन: कलेक्टर तिवारी ने सुनीं 130 समस्याएं, त्वरित समाधान के दिये सख्त निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 130 आवेदकों की शिकायतें एवं समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर द्वय श्रीमती विंकी सिंहमारे उईके एवं श्रीमती ज्योति लिल्हारे तथा एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
संबल योजना की अनुग्रह राशि दिलाने के निर्देश
ग्राम कौड़िया, तहसील स्लीमनाबाद निवासी ममता शुक्ला ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पिता स्व. ओमप्रकाश शुक्ला का निधन हार्ट अटैक से हो गया था। संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह राशि हेतु सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद उनकी माताजी को अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई है। इस पर कलेक्टर श्री तिवारी ने जिला श्रम अधिकारी को पात्रतानुसार शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
सेवानिवृत्त शिक्षक की एनपीएस राशि का मामला
कुशल सिंह चौहान, सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके वेतन से 34 माह की एनपीएस राशि कटने के बावजूद यह रकम अब तक उनके एनपीएस खाते में जमा नहीं हुई है। इस संबंध में पूर्व में की गई शिकायतों का भी निराकरण नहीं हो पाया। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
खराब ट्रांसफार्मर से किसानों को राहत के निर्देश
बिलहरी आवास कॉलोनी के किसानों ने क्षेत्र के ट्रांसफार्मर के एक माह से खराब होने की शिकायत करते हुए बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसलें सूखने की कगार पर हैं। कलेक्टर श्री तिवारी ने विद्युत विभाग को तत्काल ट्रांसफार्मर बदलवाने के निर्देश दिए।
दिव्यांग दंपत्ति को पीएम आवास दिलाने के निर्देश
रोशन नगर निवासी सोहनलाल शर्मा ने आवेदन देकर बताया कि वे एवं उनकी पत्नी दोनों दिव्यांग हैं और दो बच्चों के साथ किराये के मकान में निवासरत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का आग्रह किया। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को पात्रता के आधार पर पीएम आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



