आपका सारथी कौन” से सुरक्षित होगी ऑटो यात्रा QR कोड से मिलेगी चालक की पूरी जानकारी, यात्री सीधे पुलिस को दे सकेंगे फीडबैक
कलयुग की कलम से राकेश यादव

“आपका सारथी कौन” से सुरक्षित होगी ऑटो यात्रा QR कोड से मिलेगी चालक की पूरी जानकारी, यात्री सीधे पुलिस को दे सकेंगे फीडबैक
कल की कलम कटनी -आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं रेल यात्रियों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने की दिशा में कटनी पुलिस ने “आपका सारथी कौन” नाम से एक अभिनव एवं सराहनीय अभियान की शुरुआत की है। यह पहल जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशन—कटनी, कटनी मुडवारा एवं कटनी साउथ—पर प्रारंभ की गई है, जिसका उद्देश्य ऑटो रिक्शा यात्राओं को सुरक्षित, भरोसेमंद और पारदर्शी बनाना है।
अभियान के अंतर्गत जिले के सभी ऑटो रिक्शा चालकों का विस्तृत डाटा संकलित कर उन्हें एक विशिष्ट चालक क्रमांक प्रदान किया गया है, जिसे उनके वाहन क्रमांक से जोड़ा गया है। प्रत्येक ऑटो में QR कोड युक्त स्टीकर लगाया गया है। यात्री इस QR कोड को स्कैन कर चालक का नाम, मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी देख सकते हैं और किसी भी प्रकार की समस्या, सुझाव या शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।
अक्सर यात्रा के दौरान चालक की पहचान न होने के कारण यात्रियों को सामान छूटने या अन्य असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। इन्हीं समस्याओं के समाधान और यात्रियों में सुरक्षा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।
अभियान की प्रमुख विशेषताओं में प्रत्येक ऑटो में चालक की पहचान दर्शाने वाला स्टीकर, चालकों के लिए खाकी यूनिफॉर्म, यूनिक बैच नंबर तथा डिजिटल फीडबैक की सुविधा शामिल है। QR कोड के माध्यम से यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाता है, लापरवाही से ड्राइविंग करता है, अधिक किराया मांगता है या यात्रियों से दुर्व्यवहार करता है, तो उसकी शिकायत सीधे कटनी पुलिस तक पहुंचेगी। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी से कार्य करने वाले चालकों को कटनी पुलिस द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा। इस अवसर पर चालकों को यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर जागरूक किया गया।कटनी पुलिस की यह पहल न केवल यात्रियों के लिए सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करेगी, बल्कि ऑटो चालकों में अनुशासन, जिम्मेदारी और आपसी विश्वास को भी सुदृढ़ करेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया, यातायात प्रभारी राहुल पाण्डेय सहित आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



