कटनी पुलिस का सख्त पहरा, अपराधियों में हड़कंप व्यापक कांबिंग गश्त में 145 आरोपी गिरफ्तार, अवैध शराब नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कसा शिकंजा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी पुलिस का सख्त पहरा, अपराधियों में हड़कंप व्यापक कांबिंग गश्त में 145 आरोपी गिरफ्तार, अवैध शराब नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कसा शिकंजा
कलयुग की कलम कटनी -पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा व्यापक कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई इस कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने फरार एवं सक्रिय अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर कुल 145 वारंटी और अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 23 स्थायी वारंट तथा 82 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी को अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गुंडा-बदमाशों पर पैनी नजर
कांबिंग गश्त के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 36 गुंडा बदमाशों की चेकिंग की गई, वहीं 36 निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की भी सघन जांच की गई। पुलिस द्वारा इनके निवास स्थानों और आवाजाही पर नजर रखी गई तथा उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई
अभियान के तहत अवैध शराब के कारोबार पर भी पुलिस ने कड़ा प्रहार किया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से जुड़े 30 प्रकरण दर्ज किए गए। शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई।
नशे में वाहन चलाने वालों पर शिकंजा
सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया। जांच के दौरान 14 चालकों को शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। ऐसे चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
अभियान रहेगा लगातार जारी
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के कांबिंग गश्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिए हैं कि अपराधियों पर निरंतर दबाव बनाए रखा जाए और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।



