कलेक्टर श्री यादव ने जनसुनवाई में सुनीं 139 आवेदकों की समस्याएं, सम्बंधित अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश जिले के सभी उपखंडों, तहसीलों ,जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में भी आयोजित हुई जनसुनवाई।
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कलेक्टर श्री यादव ने जनसुनवाई में सुनीं 139 आवेदकों की समस्याएं, सम्बंधित अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश जिले के सभी उपखंडों, तहसीलों ,जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में भी आयोजित हुई जनसुनवाई।
कलयुग की कलम कटनी – कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 139 आवेदकों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। यह जनसुनवाई जिले के सभी उपखंडों, तहसीलों ,जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में भी आयोजित की गई।


कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान संयुक्त कलेक्टर संस्कृति शर्मा,एस डी एम कटनी श्री प्रदीप कुमार मिश्रा,डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी, विवेक गुप्ता एवं ज्योति लिल्हारे मौजूद रहे।
*मुआवजा दिलायें*
ग्राम हिनौती निवासी बृजेश कुमार यादव ने बताया कि अगस्त 2024 में सर्पदंश से मेरी पत्नी की मृत्यु जिला अस्पताल कटनी में हो गई थी। मृत्यु के उपरांत मैंने बहोरीबंद तहसील में मुआवजा हेतु आवेदन भी दिया था। परंतु मुझे मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने एसडीएम बहोरीबंद को निश्चित समयावधि में समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
*सीमांकन करायें*
ग्राम गोदाना निवासी ज्ञानी चौधरी ने कलेक्टर श्री यादव को आवेदन देते हुए कहा कि ग्राम गोदाना पटवारी हल्का नंबर 1 में स्थित भूमि जिसका खसरा नंबर 1910/4, 1010/7, 1010/13, 3220, 1910/16, 1926/2246/2 एवं 1927/2 है, राजस्व अभिलेख में मेरे नाम पर दर्ज है। 6 माह पूर्व मेरे द्वारा सीमांकन हेतु आवेदन दिया गया था परंतु अभी तक सीमांकन नहीं हो पाया है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने तहसीलदार रीठी को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
*ट्रांसफार्मर बदलवायें*
ग्राम देवडोंगरा निवासी जितेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि गांव के आदिवासी मोहल्ला में लगा ट्रांसफार्मर जल गया है। जिसकी सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है। परंतु अब तक कोई कार्यवाही नहीं हो सकी है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने बिजली विभाग के अधिकारी को समय-सीमा में कार्यवाही कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
*संबल योजना के तहत दिलायें अनु्ग्रह राशि*
जनसुनवाई के दौरान कटनी निवासी क्षमा पांडे ने बताया कि मेरे पति अमित पांडे का देहांत दिसंबर 2024 में हो चुका है। उनका नाम संबल योजना के अंतर्गत पंजीकृत है। आवेदन देने के बाद भी योजनांतर्गत अनुग्रह राशि स्वीकृत नहीं हो सकी है। आय का अन्य स्त्रोत न होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर श्री यादव ने नगर निगम कटनी को शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।



