125 दिन रोजगार, ₹300 दैनिक मजदूरी का बड़ा ऐलान: ढीमरखेड़ा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: एनआरएलएम टीम का वेतन रोका, विजयराघवगढ़ के सहायक यंत्री को नोटिस; जनकल्याणकारी योजनाओं में ढिलाई नहीं होगी बर्दाश्त, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने दिए कड़े निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

125 दिन रोजगार, ₹300 दैनिक मजदूरी का बड़ा ऐलान: ढीमरखेड़ा में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: एनआरएलएम टीम का वेतन रोका, विजयराघवगढ़ के सहायक यंत्री को नोटिस; जनकल्याणकारी योजनाओं में ढिलाई नहीं होगी बर्दाश्त, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने दिए कड़े निर्देश
कलयुग की कलम उमरिया पान – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही अब स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण एवं विकास कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने, प्रगति के आधार पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का परिणाममूलक क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
बैठक में आंगनबाड़ी भवन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जल गंगा संवर्धन अभियान, एनआरएलएम, 15वें वित्त आयोग, डीएमएफ से स्वीकृत मरम्मत कार्य, स्वच्छ भारत मिशन, वृंदावन ग्राम, सीएम हेल्पलाइन एवं न्यायालयीन प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के सहायक यंत्री अरुण चतुर्वेदी के बिना सूचना बैठक से अनुपस्थित रहने पर उन्हें शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की एनआरएलएम टीम की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर सुधार होने तक संबंधित टीम के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, आंगनबाड़ी भवनों का समय पर हस्तांतरण, एमडीएम की व्यवस्थाओं तथा पौधरोपण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत श्रमिकों के लिए बड़ी राहत की जानकारी देते हुए बताया गया कि अब पात्र श्रमिकों को 100 दिन के स्थान पर 125 दिन का रोजगार मिलेगा तथा दैनिक मजदूरी 300 रुपये निर्धारित की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक श्रमिकों को इसका लाभ दिलाया जाए तथा प्रत्येक कार्यस्थल पर योजना संबंधी जानकारी का सूचना पटल अनिवार्य रूप से लगाया जाए।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, कार्यपालन यंत्री, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, ब्लॉक मैनेजर, कार्यक्रम अधिकारी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



