शहर में कड़ी यातायात अनुशासन की पहल कटनी में संयुक्त अभियान, 20 स्थानों पर कार्रवाई—नो-पार्किंग चालान से वसूले ₹10,000
कलयुग की कलम से राकेश यादव

शहर में कड़ी यातायात अनुशासन की पहल कटनी में संयुक्त अभियान, 20 स्थानों पर कार्रवाई—नो-पार्किंग चालान से वसूले ₹10,000
कलयुग की कलम कटनी – शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए पुलिस विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के भीड़भाड़ वाले 20 से अधिक स्थानों पर जांच की गई और नियम विरुद्ध खड़े वाहनों पर नो-पार्किंग चालान जारी किए गए। इस दौरान कुल ₹10,000 समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक कटनी ने सुबह स्वयं शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य बाजार क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेज मार्गों और प्रमुख चौराहों पर पारदर्शी एवं कड़ाई से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक जाम और असुविधा का सामना न करना पड़े।
संयुक्त टीम ने कोतवाली क्षेत्र, पिपलिया, कचहरी रोड, बस स्टैंड, स्टेशन चौराहा, गांधीगंज, एनकेजे रोड, गुरु बचन नगर, देवीगंज और आसपास के इलाकों में वाहनों की जांच की। कई जगह दोपहिया एवं चारपहिया वाहन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े पाए गए, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। ऐसे वाहनों के खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई की गई।
नगर निगम ने भी अभियान के दौरान अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए अपनी टीम तैनात की। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि यातायात व्यवस्था में बाधा बनने वाले वाहन मालिकों को किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। आगे भी लगातार ऐसे अभियान चलाकर शहर को जाम-मुक्त और सुरक्षित यातायात व्यवस्था देने का प्रयास किया जाएगा।



