प्रशासनमध्यप्रदेश

जनगणना 2027 में कटनी ग्रामीण और नगर परिषद उमरियापान ने रचा इतिहास,मकान सूचीकरण का शत-प्रतिशत कार्य पूरा, जिले में लक्ष्य हासिल करने वाले पहले चार्ज बने

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनगणना 2027 में कटनी ग्रामीण और नगर परिषद उमरियापान ने रचा इतिहास,मकान सूचीकरण का शत-प्रतिशत कार्य पूरा, जिले में लक्ष्य हासिल करने वाले पहले चार्ज बने

कलयुग की कलम कटनी उमरिया पान – राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में कटनी ग्रामीण तहसील और उमरियापान नगर परिषद ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए जिले में नया रिकॉर्ड कायम किया है। निर्धारित समय-सीमा से पहले 18 मई को दोनों चार्ज क्षेत्रों ने अपने सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया।

कटनी ग्रामीण तहसील जिले की पहली ऐसी तहसील बनी, जिसने अपने सभी 133 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण किया। वहीं नगर परिषद उमरियापान ने भी अपने सभी 39 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक्स में कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कर प्रशासनिक दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

बेहतर समन्वय और सतत मॉनिटरिंग से मिली सफलता

कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में 1 मई से प्रारंभ इस महाअभियान में अधिकारियों, प्रगणकों और सुपरवाइजर्स ने सुनियोजित रणनीति और निरंतर निगरानी के साथ कार्य किया। तहसीलदार ग्रामीण अतुलेश सिंह ने बताया कि टीम की प्रतिबद्धता और समन्वित प्रयासों से यह उल्लेखनीय उपलब्धि संभव हो सकी।

डिजिटल सहभागिता में भी अव्वल रहा कटनी ग्रामीण

कटनी ग्रामीण ने डिजिटल भागीदारी के क्षेत्र में भी जिले में अग्रणी स्थान प्राप्त किया। ‘सेल्फ इन्यूमरेशन आईडी’ के माध्यम से 285 नागरिकों ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कराई, जो जनगणना के प्रति आमजन की जागरूकता और प्रशासन पर विश्वास को दर्शाता है।

कलेक्टर ने टीम को दी बधाई

कलेक्टर श्री तिवारी ने जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों, सुपरवाइजर्स, चार्ज अधिकारियों और शासकीय सेवकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता टीमवर्क, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने जिले के अन्य चार्ज अधिकारियों को भी इसी गति और गुणवत्ता के साथ शेष कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

विकास योजनाओं की मजबूत नींव है जनगणना

जनगणना 2027 केवल आंकड़ों के संकलन का कार्य नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन और जनहितकारी नीतियों के निर्माण का आधार है। कटनी ग्रामीण और उमरियापान की यह उपलब्धि जिले के लिए प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है।

Related Articles

Back to top button