नशे में सड़क पर उतरे तो पुलिस के शिकंजे में आएंगे! कटनी में ड्रिंक एंड ड्राइव पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो चालकों पर केस दर्ज,30 वाहन चालकों पर चला चालानी डंडा, ₹22 हजार समन शुल्क वसूला; शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पुलिस की दो टूक चेतावनी—नियम तोड़े तो होगी वैधानिक कार्रवाई
कलयुग की कलम से राकेश यादव

नशे में सड़क पर उतरे तो पुलिस के शिकंजे में आएंगे! कटनी में ड्रिंक एंड ड्राइव पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो चालकों पर केस दर्ज,30 वाहन चालकों पर चला चालानी डंडा, ₹22 हजार समन शुल्क वसूला; शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पुलिस की दो टूक चेतावनी—नियम तोड़े तो होगी वैधानिक कार्रवाई
कलयुग की कलम कटनी – सड़क पर लापरवाही और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कटनी यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के दो मामले पकड़े। दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 22 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने के दो मामले सामने आए। इनमें वाहन क्रमांक MP-09-BX-2180 के चालक आकाश सिंह यादव तथा वाहन क्रमांक MP-21-ZJ-2586 के चालक विनय डुमार के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में की गई। अभियान में रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, सहायक उप निरीक्षक संदीप बाल्मीकि, आरक्षक दीपक सिंह, आरक्षक अभिनव शुक्ला एवं सैनिक सुरेंद्र निगम की सक्रिय भूमिका रही।
नशे में ड्राइविंग यानी खुद के साथ दूसरों की जान भी खतरे में
यातायात पुलिस ने नागरिकों को आगाह किया है कि शराब के नशे में वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता, प्रतिक्रिया का समय और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है। ऐसी लापरवाही सड़क पर गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन दौड़ाने, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आगे भी सघन जांच और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में स्वयं वाहन न चलाएं और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को ऐसा करने दें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, ताकि स्वयं के साथ अन्य लोगों की जान भी सुरक्षित रह सके।



