प्रशासनमध्यप्रदेश

कटनी में अब विकास कार्यों की खुलेगी परत-दर-परत पोल! 25 नवंबर को जनपद स्तर पर सीईओ कौर करेंगी योजनाओं की महा-समीक्षा,नल-जल योजना, बिजली बिल, प्रधानमंत्री आवास से लेकर मनरेगा तक हर योजना का मांगा जाएगा हिसाब; ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को भी अभिलेखों के साथ रहना होगा मौजूद

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी में अब विकास कार्यों की खुलेगी परत-दर-परत पोल! 25 नवंबर को जनपद स्तर पर सीईओ कौर करेंगी योजनाओं की महा-समीक्षा,नल-जल योजना, बिजली बिल, प्रधानमंत्री आवास से लेकर मनरेगा तक हर योजना का मांगा जाएगा हिसाब; ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को भी अभिलेखों के साथ रहना होगा मौजूद

कलयुग की कलम कटनी  – ग्रामीण विकास योजनाओं की वास्तविक प्रगति जानने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए जिला पंचायत ने पहली बार जनपद स्तर पर व्यापक समीक्षा की पहल की है। इसी कड़ी में 25 नवंबर को जनपद पंचायत कटनी के सभा कक्ष में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर सिमरनप्रीत कौर की अध्यक्षता में मैदानी अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित होगी। बैठक में सुबह 11:30 बजे से विभिन्न विभागों की योजनाओं, निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रबंधन और लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी। खास बात यह रहेगी कि योजनाओं की प्रगति के साथ ग्राम पंचायत स्तर पर उनके वास्तविक क्रियान्वयन की जानकारी भी ली जाएगी।

जिले की सभी छह जनपद पंचायतों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। कटनी में 25 नवंबर के बाद 2 दिसंबर को ढीमरखेड़ा, 3 दिसंबर को बहोरीबंद, 9 दिसंबर को रीठी तथा 10 दिसंबर को विजयराघवगढ़ जनपद पंचायत में बैठक आयोजित होगी। सभी बैठकें संबंधित जनपद पंचायत के सभा कक्ष में सुबह 11:30 बजे से होंगी।

नल-जल योजना से बिजली बिल तक, हर बिंदु पर मांगा जाएगा जवाब

समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा निर्मित एवं प्रमाणित एकल ग्राम नल-जल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने की स्थिति प्रमुखता से जांची जाएगी। साथ ही योजनाओं के विद्युत कनेक्शन, बिजली बिलों के भुगतान और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाएगी। आरएफआई पोर्टल, संबल पंजीयन तथा जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत विद्यालयों के बड़े मरम्मत कार्यों की प्रगति भी समीक्षा के दायरे में रहेगी।

शिक्षा, पोषण और रोजगार योजनाओं की भी होगी पड़ताल

मध्याह्न भोजन योजना के तहत स्व-सहायता समूहों को किए गए भुगतान और रसोइयों की ई-केवाईसी की स्थिति की समीक्षा होगी। वहीं विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के अंतर्गत सिपरी और युक्ति धारा पोर्टल पर कार्यों के चयन की प्रगति का भी ब्यौरा लिया जाएगा। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत श्रमिकों का नियोजन, उपलब्ध बजट, निष्क्रिय ग्राम पंचायतों की स्थिति, प्रगतिरत कार्यों और नए कार्यों की स्वीकृति जैसे विषयों पर अधिकारियों से जानकारी मांगी जाएगी।

प्रधानमंत्री आवास से स्वच्छ भारत मिशन तक, योजनाओं की होगी समीक्षा

बैठक में मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायत राज, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, वाटरशेड और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सहित ग्रामीण विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

सचिवों और रोजगार सहायकों को भी बुलाया, रिकॉर्ड लेकर पहुंचने के निर्देश

जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने सभी संबंधित अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को निर्धारित एजेंडे के अनुसार अद्यतन जानकारी एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इनमें जिला पंचायत के शाखा प्रभारी, पीएचई के एसडीओ, जनपद शिक्षा केंद्र के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, सहायक यंत्री, उपयंत्री, सुपरवाइजर, पीसीओ, एडीईओ, प्रधानमंत्री आवास एवं स्वच्छ भारत मिशन के विकासखंड समन्वयक तथा एनआरएलएम के ब्लॉक मैनेजर शामिल हैं। इसके साथ ही संबंधित जनपद पंचायतों की सभी ग्राम पंचायतों के सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को भी निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक जानकारी और अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

गांवों तक पहुंचेगी समीक्षा की आंच, जवाबदेही तय करने की तैयारी

जनपद स्तर पर शुरू की गई यह व्यापक समीक्षा व्यवस्था ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य केवल कागजी प्रगति की जानकारी लेना नहीं, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं, लंबित निर्माण कार्यों और ग्राम पंचायतों की समस्याओं को चिह्नित कर उनका समाधान सुनिश्चित करना है। बैठकों के माध्यम से विभागीय समन्वय मजबूत करने, कार्यों में तेजी लाने और अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर रहेगा। अब देखना होगा कि इस समीक्षा के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित विकास कार्यों को कितनी गति मिलती है।

Related Articles

Back to top button