राशन में गड़बड़ी पर कलेक्टर श्री तिवारी का बड़ा एक्शन!ढीमरखेड़ा की तीन उचित मूल्य दुकानों के विक्रेताओं पर FIR के निर्देश, कटनी की एक राशन दुकान निलंबित,पीडीएस में अनियमितता मिलने पर प्रशासन सख्त—कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश, बोले- राशन वितरण में गड़बड़ी और कालाबाजारी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
कलयुग की कलम से राकेश यादव

राशन में गड़बड़ी पर कलेक्टर श्री तिवारी का बड़ा एक्शन!ढीमरखेड़ा की तीन उचित मूल्य दुकानों के विक्रेताओं पर FIR के निर्देश, कटनी की एक राशन दुकान निलंबित,पीडीएस में अनियमितता मिलने पर प्रशासन सख्त—कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश, बोले- राशन वितरण में गड़बड़ी और कालाबाजारी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
कलयुग की कलम उमरिया पान– जिले में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाले सरकारी राशन की व्यवस्था में किसी भी तरह की गड़बड़ी को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत संचालित उचित मूल्य दुकानों की जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक जांच में ढीमरखेड़ा विकासखंड की तीन शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
तीन दुकानों पर गिरी कार्रवाई की गाज
जिन दुकानों में अनियमितता पाई गई, उनमें संकुई (दुकान कोड 4206020), पहरुआ (दुकान कोड 4206055) और देवरी बिछिया (दुकान कोड 4206005) की उचित मूल्य दुकानें शामिल हैं।
जांच के दौरान सामने आई गड़बड़ियों के बाद इन दुकानों से जुड़े विक्रेताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पात्र हितग्राहियों के राशन में किसी भी प्रकार की हेराफेरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
कटनी शहर की राशन दुकान भी निलंबित
इधर नगर पालिक निगम कटनी क्षेत्र में भी पीडीएस दुकान पर कार्रवाई की गई है। राम निवास सिंह वार्ड में संचालित लक्ष्मी महिला प्राथमिक उपभोक्ता सहकारी भंडार की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस दुकान का कोड 4207052 है।
कलेक्टर का दो टूक संदेश—राशन में गड़बड़ी हुई तो कार्रवाई तय
कलेक्टर आशीष तिवारी ने साफ किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाया जाता है। ऐसे में राशन वितरण में लापरवाही, अनियमितता या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को पीडीएस दुकानों की व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने तथा गड़बड़ी सामने आने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से राशन दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति है, वहीं हितग्राहियों को उम्मीद है कि उन्हें मिलने वाले सरकारी राशन की व्यवस्था और अधिक पारदर्शी होगी।
प्रशासन का संदेश साफ : हितग्राहियों के हक का राशन किसी ने रोका तो कार्रवाई होगी




