प्रशासनमध्यप्रदेश

विजन 2047 के लिए गांव-गांव बनेगी विकास की नई रूपरेखा”बड़वारा में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की बड़ी पहल, अधिकारियों को ग्राम स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

“विजन 2047 के लिए गांव-गांव बनेगी विकास की नई रूपरेखा”बड़वारा में विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह की बड़ी पहल, अधिकारियों को ग्राम स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

कलयुग की कलम बड़वारा – विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में “विजन मध्यप्रदेश 2047” को लेकर शुक्रवार को जनपद पंचायत बड़वारा सभागार में महत्वपूर्ण विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा बड़वारा के विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ढीमरखेड़ा ने विजन मध्यप्रदेश 2047 के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और विकास की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए ठोस एवं व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार करें, ताकि क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

विधायक श्री सिंह ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि ग्राम और ग्राम पंचायत स्तर तक उनकी स्पष्ट एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी बैठकों में इन योजनाओं की समीक्षा कर अंतिम स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में जनपद पंचायत बड़वारा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ढीमरखेड़ा, जनपद पंचायत कटनी एवं ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार बड़वारा, शहडोल सांसद प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, कृषि, रोजगार एवं ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर सुझाव साझा किए गए।

Related Articles

Back to top button