प्रशासनमध्यप्रदेश

रेत माफिया पर रात का प्रहार अवैध रेत परिवहन करते दो डंपर जब्त, पुलिस–खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई

कलयुग की कलम से राकेश यादव

रेत माफिया पर रात का प्रहार अवैध रेत परिवहन करते दो डंपर जब्त, पुलिस–खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई

कलयुग की कलम कटनी -जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती और तेज कर दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित जिला टास्क फोर्स के आदेशों के पालन में पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए तहसील बड़वारा अंतर्गत मझगवां क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन कर रहे दो डंपरों को जब्त किया है।

उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित ने बताया कि खनिज विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान के दौरान बरही तिराहा के पास एक बिना नंबर प्लेट वाले डंपर को रोका गया। जांच में वाहन चालक द्वारा खनिज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

वहीं दूसरी कार्रवाई मझगवां बायपास के समीप की गई, जहाँ एक डंपर ई-टीपी में दर्ज मात्रा से कहीं अधिक रेत का परिवहन करते हुए पाया गया। दोनों मामलों में अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण दर्ज कर डंपरों को कुठला थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।

उपसंचालक श्री दीक्षित ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कटनी जिले में केवल तीन चिन्हित स्थलों पर पूर्व भंडारित रेत के उठाव की अनुमति दी गई है। जिले में रेत की मुख्य आपूर्ति पड़ोसी जिला उमरिया की खदानों से की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button